Edited By Tanuja,Updated: 22 Sep, 2025 12:34 PM

अमेरिका के दक्षिणपंथी कार्यकर्ता और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के करीबी सहयोगी चार्ली कर्क की हत्या ने पूरे अमेरिका में हलचल मचा दी थी। 10 सितंबर 2025 को यूटा विश्वविद्यालय में ....
Washington: अमेरिका के दक्षिणपंथी कार्यकर्ता और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के करीबी सहयोगी चार्ली कर्क की हत्या ने पूरे अमेरिका में हलचल मचा दी थी। 10 सितंबर 2025 को यूटा विश्वविद्यालय में आयोजित एक सार्वजनिक बहस कार्यक्रम के दौरान हमलावर ने चार्ली कर्क के गले पर गोली चला दी , जिससे उनकी मौत हो गई। इस हत्या ने न केवल अमेरिका में राजनीतिक और सामाजिक माहौल को झकझोर दिया, बल्कि दक्षिणपंथी और उदार समूहों के बीच तनाव भी बढ़ा दिया। घटना के कुछ ही दिनों बाद पुलिस ने संदिग्ध हमलावर टायलर रॉबिन्सन को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों के अनुसार, रॉबिन्सन ने कर्क पर “घृणा फैलाने” का आरोप लगाते हुए हमले को उचित ठहराया। जांच में यह भी सामने आया कि रॉबिन्सन को डर था कि पुलिस उसे एनकाउंटर में मार सकती है।
हाल ही में चार्ली कर्क की विधवा एरिका कर्क ने एक धार्मिक कार्यक्रम में अपने पति की स्मृति में भाषण देते हुए चौंकाने वाला बयान दिया। उन्होंने कहा कि वह अपने पति के हत्यारे को माफ़ करती हैं। एरिका ने यह भी कहा कि उनके पति चार्ली भी उन नौजवानों की मदद करना चाहते थे, जो गलत रास्ते पर भटके हुए हों- ठीक वैसे ही जैसे हत्यारे ने उनकी जान ली। उन्होंने अपने भाषण में ईसा मसीह और चार्ली की शिक्षाओं का हवाला देते हुए कहा कि नफरत का जवाब नफरत से नहीं देना चाहिए।इस कार्यक्रम में लगभग 60,000 लोग मौजूद थे और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इसमें भाग लिया।
एरिका कर्क ने भावुक होते हुए कहा, “मैं उस युवक को माफ़ करती हूं। मेरे पति चार्ली भी यही करते। नफरत का जवाब नफरत से नहीं देना चाहिए।” उनका यह बयान न केवल व्यक्तिगत क्षमा का प्रतीक है, बल्कि अमेरिका में बढ़ते राजनीतिक और सामाजिक विभाजन के बीच शांति और सहिष्णुता का संदेश भी देता है।चार्ली कर्क की हत्या और इसके बाद की घटनाओं ने अमेरिका में राजनीतिक ध्रुवीकरण, हिंसा और सोशल मीडिया के प्रभाव को भी उजागर किया है। इस मामले में हत्यारे की गिरफ्तारी और एरिका कर्क का क्षमाशील रुख देश और दुनिया के लिए एक बड़ी सीख के रूप में देखा जा रहा है।