Edited By Tanuja,Updated: 30 Sep, 2026 12:54 PM

बाल्टीमोर से मियामी जा रही उड़ान में 46 वर्षीय महिला यात्री पर पैंट उतारकर आपत्तिजनक यौन हरकत करने का आरोप लगा। एक यात्री की शिकायत पर विमान परिचारक ने उसे कपड़े पहनने को कहा। महिला ने पुलिस से कहा कि शराब पीने के बाद वह उड़ान में सो गई थी और घटना...
New York: अमेरिका में बाल्टीमोर से मियामी जा रही एक उड़ान में 46 वर्षीय महिला यात्री पर पैंट उतारकर आपत्तिजनक यौन हरकत करने का आरोप लगा। घटना के बाद विमान चालक दल ने महिला को कपड़े पहनने के लिए कहा। विमान के मियामी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने के बाद पुलिस ने मामले की जांच की और रिपोर्ट संघीय जांच ब्यूरो को भेज दी। घटना 11 सितंबर 2026 की बताई गई है। सार्वजनिक पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, महिला की पहचान मैरीलैंड की 46 वर्षीय बार कर्मचारी कैटी इंजर के रूप में हुई है। वह बाल्टीमोर से मियामी जाने वाली अमेरिकन एयरलाइंस की उड़ान में सवार थीं।
पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, उड़ान भरने के करीब 20 मिनट बाद 61 वर्षीय एक पुरुष यात्री ने विमान परिचारक गैब्रियल बैरेरो को महिला की गतिविधि के बारे में बताया। यात्री का आरोप था कि सीट 9डी पर बैठी महिला ने अपनी पैंट उतार दी और कथित तौर पर यौन हरकत करने लगी। बैरेरो ने पुलिस को बताया कि उन्होंने महिला के पास जाकर उसे पैंट दोबारा पहनने के लिए कहा। रिपोर्ट के अनुसार, महिला ने उनकी बात मान ली और इसके बाद कोई और परेशानी नहीं हुई। बाद में वह उड़ान के बाकी समय सोती रही। मियामी पहुंचने के बाद पुलिस ने महिला से पूछताछ की। रिपोर्ट में कहा गया है कि उस समय उसके शरीर से शराब की तेज गंध आ रही थी और उसकी आंखें लाल थीं। महिला ने पुलिस को बताया कि बाल्टीमोर से उड़ान रवाना होने में करीब दो घंटे की देरी हुई थी।
उसने कहा कि इस दौरान उसने विमान में सवार होने से पहले कई पेय पदार्थों का सेवन किया था। महिला ने कथित घटना के बारे में कहा कि उसे कुछ याद नहीं है, क्योंकि उड़ान के दौरान वह सो गई थी। ये बातें पुलिस रिपोर्ट में दर्ज उसके बयान पर आधारित हैं। चूंकि कथित घटना विमान के उड़ान में रहने के दौरान हुई थी, मियामी-डेड शेरिफ कार्यालय ने मामले को संघीय जांच के दायरे में माना और अपनी रिपोर्ट एफबीआई के एक एजेंट को भेज दी। हैरानी की बात यह है कि रिपोर्ट के अनुसार, घटना के दो दिन बाद इंजर ने फेसबुक पर फ्लोरिडा यात्रा की कुछ तस्वीरें साझा की थीं। उन्होंने तस्वीरों के साथ बादलों और फूलों को लेकर एक संदेश भी लिखा था।