Edited By Tanuja,Updated: 13 Apr, 2026 05:47 PM

पाकिस्तान (Pakistan) में Balochistan के नौशकी में सख्त लॉकडाउन लगाया गया है। सुरक्षा बलों ने आवाजाही रोक दी, बाजार बंद कर दिए और कई इलाकों को सील कर दिया। हालात से लोगों में डर और मानवाधिकार चिंताएं बढ़ गई हैं।
Peshawar: पाकिस्तान (Pakistan) में बलोचिस्तान (Balochistan) प्रांत के नौशकी जिले में सुरक्षा बलों ने कड़ा लॉकडाउन लागू कर दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, शहर में नागरिकों की आवाजाही पर सख्त पाबंदी लगा दी गई है और सभी प्रमुख रास्तों को सील कर दिया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रविवार सुबह से ही भारी संख्या में सुरक्षाबल तैनात कर दिए गए। Noshki के बाजार, काजीआबाद, ग्रिड स्टेशन और गरीबाबाद जैसे इलाकों में चेकपोस्ट बनाकर लोगों की आवाजाही रोक दी गई। कई जगहों पर स्थिति ऐसी हो गई कि शहर पूरी तरह “घेराबंदी” जैसा नजर आने लगा।
रिपोर्ट के अनुसार, स्थानीय बाजार बंद करा दिए गए हैं और लोगों को शहर में आने-जाने से रोक दिया गया है। इससे आम नागरिकों की रोजमर्रा की जिंदगी बुरी तरह प्रभावित हुई है। इससे एक दिन पहले किल्ली कादिराबाद इलाके में भी सुरक्षा बलों ने एक ऑपरेशन चलाया था। वहां कई घंटों तक घेराबंदी रही और गोलीबारी की आवाजें सुनाई दीं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि इस दौरान दो लोगों आबिद मेंगल और ताहिर खान को हिरासत में लिया गया और उन्हें अज्ञात स्थान पर ले जाया गया। इस पर अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
पिछले दो महीनों से नौशकी में आंशिक कर्फ्यू जैसे हालात बने हुए हैं। बाजार शाम को जल्दी बंद कर दिए जाते हैं और सुबह 9 बजे के बाद ही खुलने की अनुमति होती है। रात के समय आवाजाही पर पूरी तरह रोक रहती है। बलूचिस्तान में जबरन गायब किए जाने और कथित फर्जी मुठभेड़ों के मामलों को लेकर पहले से ही मानवाधिकार संगठनों की चिंता बनी हुई है। इन घटनाओं के कारण स्थानीय लोगों में डर, गुस्सा और सरकार के प्रति अविश्वास लगातार बढ़ रहा है।