Edited By Tanuja,Updated: 28 Jul, 2025 01:42 PM

अमेरिका में अगर आपने ग्रीन कार्ड से नागरिकता पाई है और टैक्स रिटर्न में इनकम छुपाई तो आपकी नागरिकता भी खतरे में पड़ सकती है। अमेरिकी न्याय विभाग (DOJ) ने इसे...
Washington: अमेरिका में अगर आपने ग्रीन कार्ड से नागरिकता पाई है और टैक्स रिटर्न में इनकम छुपाई तो आपकी नागरिकता भी खतरे में पड़ सकती है। अमेरिकी न्याय विभाग (DOJ) ने इसे अपनी टॉप प्राथमिकताओं में रखा है कि जो लोग नागरिकता लेने के दौरान या बाद में जरूरी जानकारी छुपाते हैं, उनकी नागरिकता रद्द की जा सकती है।
क्या होता है डिनैचुरलाइजेशन?
नेचुरलाइजेशन वो प्रक्रिया है जिसमें किसी ग्रीन कार्डधारक को अमेरिका की नागरिकता दी जाती है। लेकिन अगर साबित हो जाए कि उस व्यक्ति ने झूठ बोला, जरूरी दस्तावेज छुपाए या गलत जानकारी दी, तो सरकार उसकी नागरिकता वापस ले सकती है। इसे डिनैचुरलाइजेशन कहा जाता है। पहले ये नियम सिर्फ युद्ध अपराधियों या सुरक्षा को खतरा बनने वालों पर लागू होता था। लेकिन अब टैक्स में गड़बड़ी पर भी यही कार्रवाई होगी।
इस वजह से मची खलबली
‘ब्लूमबर्ग लॉ’ की रिपोर्ट के मुताबिक, ह्यूस्टन में एक महिला ने 2019 में झूठा टैक्स रिटर्न फाइल किया। उसने 5 साल तक इनकम कम बताकर करीब 7,700 डॉलर का रिफंड लिया। उसे टैक्स फ्रॉड में दोषी पाया गया, जेल भी हुई और जुर्माना भी लगा। अब न्याय विभाग उस पर डिनैचुरलाइजेशन का केस चला रहा है ताकि उसकी अमेरिकी नागरिकता भी छीनी जा सके।
इन लोगों पर होगा असर
न्याय विभाग ऐसे 10 बड़े मामलों को प्राथमिकता पर देख रहा है। इसके अलावा किसी भी केस को डिनैचुरलाइजेशन के लिए चुना जा सकता है, अगर जरूरी समझा गया। अधिकारियों ने साफ कहा है कि नागरिक बनने के लिए कोई भी जानकारी छुपाना या झूठ बोलना भारी पड़ सकता है। अगर आप अमेरिका में ग्रीन कार्ड होल्डर हैं या नागरिकता की तैयारी में हैं, तो टैक्स फाइलिंग और दस्तावेजों में कोई गड़बड़ी न रखें। नहीं तो नागरिकता वापस लेने की कार्रवाई हो सकती है।