Edited By Tanuja,Updated: 25 Apr, 2026 03:40 PM

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया है कि ईरान अमेरिका की मांगों को पूरा करने के लिए प्रस्ताव तैयार कर रहा है। पाकिस्तान में शांति वार्ता फिर शुरू हो सकती है, लेकिन डील की शर्तें और बातचीत का स्वरूप अब भी अस्पष्ट है।
Washington: डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि ईरान अमेरिका की शर्तों को पूरा करने के लिए एक प्रस्ताव (offer) तैयार कर रहा है। ट्रंप ने एक इंटरव्यू में कहा- “वे (ईरान) एक ऑफर बना रहे हैं, हमें देखना होगा कि वह क्या है।” हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि अभी उन्हें उस प्रस्ताव की पूरी जानकारी नहीं है। ट्रंप प्रशासन की तरफ से दो बड़ी शर्तें सामने आई हैं । ईरान अपना समृद्ध (enriched) यूरेनियम छोड़ दे। Hormuz जलडमरूमध्य में तेल जहाजों की आवाजाही पूरी तरह सुरक्षित और स्वतंत्र हो।
ट्रंप ने साफ कहा है कि जब तक समझौता नहीं होता अमेरिका ईरान के बंदरगाहों पर सैन्य नाकेबंदी (blockade) जारी रखेगा। जब उनसे पूछा गया कि यह नाकेबंदी कब हटेगी, तो उन्होंने जवाब दिया कि “यह इस बात पर निर्भर करेगा कि ईरान क्या ऑफर करता है।” पाकिस्तान में एक बार फिर शांति वार्ता शुरू होने की संभावना है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची इस्लामाबाद पहुंच चुके हैं और प्रस्तावों पर चर्चा कर रहे हैं।
अमेरिका की तरफ से भी प्रतिनिधिमंडल भेजा जा रहा है, लेकिन बातचीत सीधी होगी या परोक्ष (indirect), यह अभी साफ नहीं। ट्रंप ने यह भी संकेत दिया कि ईरान की नेतृत्व व्यवस्था (leadership) में अंदरूनी मतभेद हो सकते हैं। उन्होंने कहा-“हम उन्हीं लोगों से बात कर रहे हैं जो अभी नियंत्रण में हैं। ” लेकिन उन्होंने किसी का नाम बताने से इनकार कर दिया। युद्धविराम लागू है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं। आर्थिक और तेल आपूर्ति पर असर जारी। पाकिस्तान मध्यस्थता की भूमिका निभा रहा है