Edited By Tanuja,Updated: 16 Feb, 2026 04:57 PM

इज़राइल में एक इज़राइली-अरब नागरिक पर ईरान के लिए जासूसी करने का आरोप लगा है। आरोपी ने पूर्व रक्षा मंत्री योआव गैलेंट के घर के आसपास रेकी की। जांच एजेंसियों के अनुसार, उसे क्रिप्टोकरेंसी में भुगतान मिला और ईरानी खुफिया एजेंट निर्देश दे रहा था।
International Desk: इज़राइल में एक इज़राइली-अरब नागरिक पर ईरान के लिए जासूसी करने का गंभीर आरोप लगा है। अभियोजन पक्ष के अनुसार, 32 वर्षीय फारेस अबू अल-हिजा ने पूर्व रक्षा मंत्री Yoav Gallant के घर के आसपास खुफिया जानकारी इकट्ठा की। उत्तरी गलील के काउकब अबू अल-हिजा गांव के रहने वाले आरोपी को जनवरी के अंत में मोशाव अमीकाम में गैलेंट के घर के पास की सड़कों की तस्वीरें लेते हुए गिरफ्तार किया गया। यह मामला Haifa District Court में दर्ज किया गया है।
Telegram से संपर्क क्रिप्टो में भुगतान
अभियोग पत्र के अनुसार, आरोपी का संपर्क अगस्त 2025 में Telegram के जरिए एक ईरानी एजेंट से हुआ। काम की तलाश में उसने संपर्क किया और बदले में उसे क्रिप्टोकरेंसी में भुगतान किया गया। उसे तेल अवीव के एक कैफे की वीडियो रिकॉर्डिंग करने, लिफाफों में क्रिप्टो एक्सेस कोड पहुंचाने और हाइफा व किर्यात हाइम में सुरक्षित मोबाइल फोन छिपाने जैसे कई मिशन सौंपे गए।
ईरानी खुफिया एजेंट की पुष्टि
इज़राइल की सुरक्षा एजेंसी Shin Bet और Israel Police ने संयुक्त बयान में कहा कि पूछताछ में आरोपी ने विदेशी स्रोत के लिए काम करने और भुगतान लेने की बात स्वीकार की है। जांच से पुष्टि हुई कि वह स्रोत ईरानी खुफिया ऑपरेटिव था। अधिकारियों के अनुसार, जून 2025 में ईरान-इज़राइल युद्ध के बाद से ईरानी एजेंसियां इज़राइली नागरिकों को जासूसी के लिए फंसाने की कोशिशें तेज कर चुकी हैं। हालांकि, जिस समय रेकी की गई, उस वक्त गैलेंट घर पर मौजूद नहीं थे।