Edited By Pardeep,Updated: 08 Apr, 2026 03:25 AM

डेडलाइन खत्म होने से कुछ घंटे पहले, पाकिस्तान ने हालात को शांत करने के लिए आखिरी कोशिश की है जोर-जबर्दस्ती से नहीं, बल्कि समय मांगकर।
इंटरनेशनल डेस्कः डेडलाइन खत्म होने से कुछ घंटे पहले, पाकिस्तान ने हालात को शांत करने के लिए आखिरी कोशिश की है जोर-जबर्दस्ती से नहीं, बल्कि समय मांगकर। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीप ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से ईरान के लिए तय डेडलाइन को दो हफ्ते बढ़ाने की अपील की है, ताकि कूटनीति को मौका मिल सके और अस्थायी युद्धविराम लागू हो सके।
“कूटनीति को मौका दें” — शहबाज शरीफ
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए शहबाज शरीफ ने कहा कि कूटनीतिक प्रयास “तेजी से, मजबूती से और प्रभावी तरीके से आगे बढ़ रहे हैं” और जल्द ही परिणाम दे सकते हैं। उन्होंने कहा, “कूटनीति को अपना काम करने का अवसर देने के लिए मैं राष्ट्रपति ट्रंप से दो हफ्ते की मोहलत देने का आग्रह करता हूं।”
ईरान से भी खास अपील—हॉर्मुज जलडमरूमध्य खोलें
शहबाज शरीफ ने सीधे Iran से भी अपील की कि वह सद्भावना के तौर पर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को दो हफ्तों के लिए खोल दे। उन्होंने कहा, “पाकिस्तान पूरी ईमानदारी से ईरानी भाइयों से अनुरोध करता है कि वे इसी अवधि के लिए हॉर्मुज जलडमरूमध्य खोलें।”
दो हफ्ते का युद्धविराम—शांति की कोशिश
शहबाज शरीफ ने सभी संघर्षरत पक्षों से भी दो हफ्तों के लिए युद्धविराम का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा, “हम सभी पक्षों से अनुरोध करते हैं कि क्षेत्र में दीर्घकालिक शांति और स्थिरता के लिए दो हफ्ते का सीजफायर लागू करें, ताकि कूटनीति युद्ध को खत्म करने की दिशा में ठोस नतीजे दे सके।”
बैकचैनल बातचीत जारी
इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने पुष्टि की है कि JD Vance, Steve Witkoff और Jared Kushner पाकिस्तान के जरिए अप्रत्यक्ष बातचीत में शामिल हैं।
अमेरिका और ईरान ने प्रस्ताव पर दी प्रतिक्रिया
व्हाइट हाउस ने पुष्टि की है कि ट्रंप इस प्रस्ताव से अवगत हैं। प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने कहा, “राष्ट्रपति को प्रस्ताव की जानकारी दे दी गई है और जल्द जवाब आएगा।” वहीं, एक वरिष्ठ ईरानी अधिकारी ने समाचार एजेंसी Reuters को बताया कि तेहरान इस प्रस्ताव पर “सकारात्मक तरीके से विचार कर रहा है।”
ट्रंप की सख्त चेतावनी—तनाव चरम पर
इससे कुछ घंटे पहले ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर ईरान को लेकर कड़ी चेतावनी दी थी। उन्होंने लिखा, “आज रात एक पूरी सभ्यता खत्म हो सकती है… मैं ऐसा नहीं चाहता, लेकिन शायद ऐसा हो सकता है।” हालांकि, ट्रंप ने यह भी संकेत दिया कि हालात के अनुसार आखिरी वक्त पर हमला टाला भी जा सकता है। उन्होंने इस रात को “दुनिया के लंबे और जटिल इतिहास का सबसे अहम पल” बताया।