Edited By Pardeep,Updated: 31 Aug, 2026 10:18 PM

देश के जाने-माने और वरिष्ठ समाजसेवी अन्ना हजारे की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के प्रसिद्ध बॉम्बे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
नेशनल डेस्कः देश के जाने-माने और वरिष्ठ समाजसेवी अन्ना हजारे की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के प्रसिद्ध बॉम्बे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। बढ़ती उम्र और शारीरिक कमजोरी के कारण फिलहाल उन्हें गहन चिकित्सा इकाई (ICU) में रखा गया है। डॉक्टरों की एक विशेष टीम लगातार उनकी स्थिति पर नजर रख रही है।
संक्रमण और डिहाइड्रेशन से पीड़ित हैं अन्ना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अन्ना हजारे एक्यूट वायरल इन्फेक्शन (तीव्र वायरल संक्रमण) से पीड़ित हैं। अस्पताल के वरिष्ठ डॉक्टरों ने बताया कि जब उन्हें बॉम्बे अस्पताल में भर्ती कराया गया, तब वे यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन (UTI) से भी पीड़ित थे। यह यूरिनरी ट्यूब, ब्लैडर या किडनी में होने वाला एक बैक्टीरियल संक्रमण है। इसके साथ ही डॉक्टरों ने अन्ना में गंभीर डिहाइड्रेशन (शरीर में पानी की कमी) और किडनी से संबंधित समस्याएं भी पाई हैं।
गांव के अस्पताल से मुंबई किया गया शिफ्ट
तबीयत खराब होने के बाद सबसे पहले अन्ना हजारे को उनके गांव रालेगांव सिद्धि के ही एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लेकिन वहां उनकी हालत में सुधार न होने और स्थिति और बिगड़ने के बाद उन्हें तुरंत मुंबई के बॉम्बे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। मुंबई में उन्हें संक्रामक रोगों के विशेषज्ञ डॉ. गौतम भंसाली की देखरेख में भर्ती किया गया है।