Edited By Tanuja,Updated: 26 Apr, 2026 03:53 PM

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हमले के बाद कहा कि सबसे प्रभावशाली नेताओं को ही निशाना बनाया जाता है। उन्होंने अपनी तुलना अब्राहम लिंकन से की, जिनकी अप्रैल में हत्या हुई थी। ट्रंप ने ‘ब्लैक अप्रैल’ जैसे खतरों की ओर इशारा किया।
Washington: डोनाल्ड ट्रंप ने वॉशिंगटन डीसी में हुई गोलीबारी के बाद मीडिया को लेकर अपना रुख बदलते हुए उनकी खुलकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि पत्रकारों ने इस संवेदनशील घटना की जिम्मेदारी के साथ रिपोर्टिंग की, जो सराहनीय है। यह घटना Washington Hilton में व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर के दौरान हुई, जब अचानक गोली चलने से हड़कंप मच गया। कुछ समय के लिए वहां मौजूद लोग टेबल के नीचे छिप गए और माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया।
घटना के तुरंत बाद ट्रंप ने प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि यह कार्यक्रम सिर्फ एक डिनर नहीं, बल्कि अमेरिकी संविधान में दिए गए फ्री स्पीच (अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता) का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मीडिया ने जिस तरह से स्थिति को संभाला और रिपोर्ट किया, वह बेहद जिम्मेदार था। ट्रंप ने यह भी घोषणा की कि यह कार्यक्रम रद्द नहीं किया जाएगा, बल्कि अगले 30 दिनों के भीतर फिर से आयोजित किया जाएगा, और इसे पहले से भी बड़ा और बेहतर बनाया जाएगा। उन्होंने व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स एसोसिएशन की अध्यक्ष Weijia Jiang की भी सराहना की।
गौरतलब है कि ट्रंप और मीडिया के रिश्ते अक्सर तनावपूर्ण रहे हैं। कई बार उन्होंने पत्रकारों पर सख्त टिप्पणी की है, लेकिन इस घटना के बाद उनका यह बदला हुआ रुख चर्चा में है। अपने संबोधन में ट्रंप ने देशवासियों से अपील की कि वे राजनीतिक मतभेदों को शांति और संवाद के जरिए सुलझाएं। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में अलग-अलग विचारधाराओं के लोग मौजूद थे, लेकिन संकट के समय सभी एकजुट नजर आए।