Edited By Pardeep,Updated: 03 Aug, 2026 11:51 PM

सूडान के दारफुर इलाके में एक दीवानी अदालत पर सेना के ड्रोन हमले में कम से कम 35 लोगों की मौत हो गई। एक मानवाधिकार समूह ने यह जानकारी दी।
इंटरनेशनल डेस्कः सूडान के दारफुर इलाके में एक दीवानी अदालत पर सेना के ड्रोन हमले में कम से कम 35 लोगों की मौत हो गई। एक मानवाधिकार समूह ने यह जानकारी दी।
सूडान में मानवाधिकार उल्लंघन के मामलों का रिकॉर्ड रखने वाले स्वतंत्र समूह 'इमरजेंसी लॉयर्स' ने रविवार दोपहर बताया कि सूडानी सेना के ड्रोन ने उत्तर दारफुर के अल-जविया गारा गांव में दिवानी अदालत के मुख्यालय को निशाना बनाया, "जो इलाके में अहम न्यायिक और सामाजिक सेवा प्रदान करता है।" 'इमरजेंसी लॉयर्स' ने हमले की जांच की मांग की। उसने एक बयान में कहा, "आम नागरिकों और असैन्य ठिकानों पर हमले करना अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का गंभीर उल्लंघन है।"
सूडान में अर्धसैनिक बल रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (आरएसएफ) और सूडानी सेना के बीच जारी संघर्ष अप्रैल 2023 में भीषण युद्ध में बदल गया। संघर्ष पर नजर रखने वाले समूह 'आर्म्ड कॉन्फ्लिक्ट लोकेशन एंड इवेंट डेटा' के मुताबिक, इस युद्ध में अब तक कम से कम 59,000 लोगों की मौत हो चुकी है। सहायता संगठनों का कहना है कि यह आंकड़ा वास्तविक संख्या से काफी कम है और मरने वालों की असली संख्या कई गुना अधिक हो सकती है। सूडानी सेना ने इस घटनाक्रम पर टिप्पणी के लिए भेजे गए अनुरोधों का फिलहाल कोई जवाब नहीं दिया है।