Edited By Parveen Kumar,Updated: 22 Jul, 2026 08:41 PM

पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में कराची-क्वेटा मार्ग पर संदिग्ध विद्रोहियों द्वारा एक कार पर की गई अंधाधुंध गोलीबारी में दो महिलाओं की मौत हो गई और तीन बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के एक शीर्ष अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
नेशनल डेस्क : पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में कराची-क्वेटा मार्ग पर संदिग्ध विद्रोहियों द्वारा एक कार पर की गई अंधाधुंध गोलीबारी में दो महिलाओं की मौत हो गई और तीन बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के एक शीर्ष अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
क्वेटा के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) अब्दुल हई बलोच ने बताया कि यह घटना मंगलवार शाम को उस समय हुई जब बलूचिस्तान के झोब जिले का एक परिवार कार से क्वेटा से कराची जा रहा था। उन्होंने बताया कि यह परिवार एक बीमार महिला रिश्तेदार को इलाज के लिए कराची ले जा रहा था, तभी रास्ते में उनकी गाड़ी पर हमला हुआ।
डीआईजी ने कहा, "अंधाधुंध गोलीबारी में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन बच्चे घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए कराची भेजा गया है।" पुलिस अधिकारी के अनुसार, बंदूकधारियों ने पहले गाड़ी को रुकने का इशारा किया और फिर सड़क के दोनों ओर से उस पर गोलीबारी शुरू कर दी। पिछले महीने क्वेटा-कराची राजमार्ग पर इसी तरह की एक घटना में कराची के एक व्यापारी की हत्या कर दी गई थी।