टेकऑफ दौरान अचानक विमान के फट गए टायर व टेल स्ट्राइक, सवार 287 लोगों पर मंडराने लगी मौत (Video)

Edited By Updated: 19 Aug, 2026 05:20 PM

vietnam airlines flight takes off with just 91 metres of runway left after

म्यूनिख एयरपोर्ट से हनोई जा रहे वियतनाम एयरलाइंस के Boeing 787-9 की टेकऑफ के दौरान स्पीड दो बार कम हुई। विमान करीब 91 मीटर रनवे बचने पर हवा में उठा। बाद में टेल स्ट्राइक और चार फटे टायरों के साथ विमान म्यूनिख लौटा। सभी 287 लोग सुरक्षित रहे।

Munich: जर्मनी के म्यूनिख एयरपोर्ट पर वियतनाम एयरलाइंस के Boeing 787-9 विमान के साथ ऐसा घटनाक्रम हुआ, जिसने यात्रियों की सांसें रोक दीं। हनोई जा रहे विमान की टेकऑफ के दौरान रफ्तार दो बार अचानक कम हुई। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि विमान के हवा में उठने तक रनवे का सिर्फ करीब 91 मीटर हिस्सा बचा था। विमान में 271 यात्री और 16 क्रू सदस्य, यानी कुल 287 लोग सवार थे। राहत की बात यह रही कि सभी लोग सुरक्षित बच गए। घटना 15 अगस्त को हुई, जब वियतनाम एयरलाइंस की फ्लाइट VN34 म्यूनिख से हनोई के लिए रवाना हो रही थी।  वियतनाम के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के मुताबिक, टेकऑफ के दौरान विमान की रफ्तार बढ़ना करीब दो सेकंड के लिए रुक गया। इसके बाद विमान ने दोबारा तेजी पकड़ी और जरूरी V1 स्पीड तक पहुंच गया। लेकिन इसके कुछ ही समय बाद विमान की रफ्तार फिर कम हो गई।

 

दूसरी बार स्पीड गिरने तक विमान काफी दूर रनवे पर पहुंच चुका था। पायलटों ने आकलन किया कि अब टेकऑफ रोकने के लिए पर्याप्त रनवे बाकी नहीं है।  ऐसे में विमान को रोकने के बजाय पायलटों ने टेकऑफ जारी रखने का फैसला किया और इंजनों को अधिकतम थ्रस्ट पर ले गए।  इसके बाद Boeing 787 रनवे के लगभग अंतिम हिस्से से हवा में उठा। रिपोर्ट के मुताबिक, उस समय विमान के पीछे सिर्फ करीब 91 मीटर रनवे बचा था। टेकऑफ के कुछ ही समय बाद चालक दल को विमान के टेल स्ट्राइक और टायरों में असामान्य दबाव से जुड़ी चेतावनियां मिलीं। पायलटों ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को स्थिति की जानकारी दी और विमान को दोबारा म्यूनिख लाने का फैसला किया।  विमान तुरंत वापस नहीं उतरा। वह करीब दो घंटे तक हवा में रहा और लगभग 9,000 फीट की ऊंचाई पर चक्कर लगाता रहा। 

 

इस दौरान विमान का वजन कम करने के लिए ईंधन कम किया गया, ताकि वह सुरक्षित तरीके से लैंड कर सके। इसके बाद विमान म्यूनिख एयरपोर्ट पर वापस उतरा।  विमान की जांच के दौरान पता चला कि उसे काफी नुकसान हुआ था। इसमें टेल स्ट्राइक के निशान मिले और चार टायर फटे हुए पाए गए। लैंडिंग के दौरान विमान के लैंडिंग गियर के आसपास धुआं दिखाई देने की बात भी सामने आई। इसके बावजूद विमान सुरक्षित रूप से रनवे पर उतर गया और किसी यात्री या क्रू सदस्य को चोट नहीं आई।  हादसे की असली वजह अभी साफ नहीं हुई है। जर्मनी और वियतनाम के विमानन अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं। 

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!