UN election में चीन का महिला उम्मीदवार को समर्थन, बोला-“कोई लेडी महासचिव बने तो हमें बेहद खुशी होगी”

Edited By Updated: 05 May, 2026 06:22 PM

will be very happy to see woman elected as next un chief china

चीन ने संयुक्त राष्ट्र के अगले महासचिव के रूप में महिला उम्मीदवार का खुलकर समर्थन किया है। 80 साल में पहली बार महिला बनने की संभावना जताई गई। चीन ने मजबूत, निष्पक्ष और बहुपक्षवाद समर्थक नेता की मांग की। चार उम्मीदवारों में दो महिलाएं शामिल हैं।

 

International Desk: चीन ने संयुक्त राष्ट्र के अगले महासचिव के लिए किसी महिला की नियुक्ति का यह कहते हुए खुलकर समर्थन किया कि अगर इस बार कोई महिला इस शीर्ष पद पर आसीन होती है तो उसे ''बेहद खुशी'' होगी। संयुक्त राष्ट्र के 80 साल के इतिहास में अभी तक कोई महिला इस पद पर नहीं पहुंच सकी है। संयुक्त राष्ट्र में चीन के स्थायी प्रतिनिधि एवं राजदूत फू कोंग ने सोमवार को कहा, ''हम किसी महिला को महासचिव के रूप में देखकर बहुत खुश होंगे। 80 साल हो गए हैं-अगर इस बार कोई महिला महासचिव बन सकती है तो चीन इसका स्वागत करेगा।''

 

संयुक्त राष्ट्र के अगले महासचिव के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इस पद की दौड़ में दो महिलाओं समेत अभी चार उम्मीदवार हैं। पहली महिला संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त मिशेल बेशेलेट और दूसरी महिला संयुक्त राष्ट्र व्यापार एवं विकास सम्मेलन (UNCTAD) की महासचिव रेबेका ग्रिन्सपान हैं। पुरुष उम्मीदवारों में अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) के प्रमुख राफेल ग्रोसी और सेनेगल के पूर्व राष्ट्रपति मैकी सॉल शामिल हैं। पिछले महीने चारों उम्मीदवारों ने संयुक्त राष्ट्र के सदस्य देशों और नागरिक संगठनों के सामने अपना-अपना दृष्टिकोण रखा और यह भी बताया कि वे इस शीर्ष पद के लिए सबसे उपयुक्त क्यों हैं। जब राजदूत फू कोंग से पूछा गया कि क्या चीन का कोई पसंदीदा उम्मीदवार है, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, ''अगर होता भी तो मैं आपको नहीं बताता।''

 

हालांकि उन्होंने यह जरूर स्पष्ट किया कि चीन की कुछ प्राथमिकताएं हैं। फू ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र इस समय एक बेहद नाजुक दौर से गुजर रहा है और ऐसे में एक ऐसे ''मजबूत'' महासचिव की जरूरत है जो बहुपक्षवाद के प्रति प्रतिबद्ध हो, संयुक्त राष्ट्र की भूमिका को मजबूत करे और किसी एक महाशक्ति की नीतियों का अंधानुकरण न करे। उन्होंने यह भी कहा कि चीन चाहता है कि अगले महासचिव संयुक्त राष्ट्र के तीन मूल स्तंभों- शांति एवं सुरक्षा, विकास और मानवाधिकार के समर्थक हों। मौजूदा संरा महासचिव एंतोनियो गुतारेस का पांच वर्ष का दूसरा कार्यकाल दिसंबर 2026 में पूरा होगा। उन्होंने 2017 में संयुक्त राष्ट्र के नौवें महासचिव के रूप में पदभार संभाला था। महासचिव की नियुक्ति 193 सदस्यीय महासभा द्वारा सुरक्षा परिषद की सिफारिश पर की जाती है।

 

सुरक्षा परिषद के पांच स्थायी सदस्यों- चीन, फ्रांस, रूस, ब्रिटेन और अमेरिका के पास वीटो का अधिकार है। पिछले साल सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा ने एक प्रस्ताव पारित कर ''खेद'' व्यक्त किया था कि आज तक कोई महिला महासचिव नहीं बनी और सदस्य देशों से आग्रह किया था कि वे महिला उम्मीदवारों को प्राथमिकता दें। चीन ने शुक्रवार को मई माह के लिए सुरक्षा परिषद की अध्यक्षता संभाली। राजदूत फू ने कहा कि चीन की अध्यक्षता में महासचिव के चयन की प्रक्रिया को एक ठोस रूप देने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने कहा, ''हम इस महीने के शुरू में ही इस पर परामर्श शुरू करेंगे और उम्मीद है कि जून-जुलाई तक चयन प्रक्रिया पूरी तरह शुरू हो जाएगी।'' फू ने संकेत दिया कि आने वाले हफ्तों में और उम्मीदवार भी संयुक्त राष्ट्र के महासचिव पद की दौड़ में शामिल हो सकते हैं।

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!