Edited By Parveen Kumar,Updated: 05 Jul, 2026 07:04 PM

मुंबई के कुर्ला इलाके में भारी बारिश के दौरान एक दुकान पर पेड़ गिरने से 2 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। एक सप्ताह से भी कम समय में महानगर में पेड़ गिरने की दूसरी घटना है जिसमें किसी की जान गई है। अधिकारियों ने बताया कि...
नेशनल डेस्क : मुंबई के कुर्ला इलाके में भारी बारिश के दौरान एक दुकान पर पेड़ गिरने से 2 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। एक सप्ताह से भी कम समय में महानगर में पेड़ गिरने की दूसरी घटना है जिसमें किसी की जान गई है। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना कुर्ला पश्चिम के नौपाडा इलाके में बृहन्मुंबई महानगर पालिका के स्कूल के पास दोपहर लगभग पौने एक बजे हुई।
सी और डी वार्ड में 72.4 किमी/घंटा, घाटकोपर में 75 किमी/घंटा और बांद्रा पश्चिम में 77 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं। इन हवाओं के कारण 250 से अधिक पेड़ और उनकी शाखाएं गिर गईं। कुर्ला (कमानी) स्थित गोम्स टाउन बिल्डिंग के पास एक दुकान पर पेड़ गिरने से 63 वर्षीय यूनुस कुंडावाला की मौत हो गई। वहीं आरे कॉलोनी में यूनिट नंबर 13 रोड पर पेड़ की टहनी टूटकर 18 वर्षीय कुमार हसन रजा जहांगीर आलम सैयद के सिर पर गिर गई. दोनों को अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
एक अधिकारी ने बताया कि युनूस कुंडावाला को मलबे से बाहर निकाला गया और फौजिया अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि दमकल, पुलिस, बेस्ट और नगर निकाय के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और बचाव तथा मलबा हटाने का काम किया। इससे पहले, 30 जून को चेंबूर में एक चलती स्कूल बस पर पेड़ गिरने से 11 वर्षीय एक लड़के की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हो गए थे।
इस बीच, पुलिस ने बताया कि रविवार को बांद्रा इलाके में उद्योगपति मुकेश अंबानी के सुरक्षा काफिले के सामने एक पेड़ गिर गया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। एक अधिकारी ने बताया कि अंबानी के सुरक्षा काफिले के सामने एक पेड़ गिर गया, जिससे वाहनों की आवाजाही अवरुद्ध हो गई, जिसके बाद अधिकारियों ने पेड़ को हटाकर यातायात बहाल कराया।