Edited By Mansa Devi,Updated: 19 Mar, 2026 10:55 AM

सुबह का समय करीब चार बजे। पूरा इलाका गहरी नींद में डूबा हुआ था। तभी अचानक इंदौर के एक घर से उठी चीखों ने सन्नाटे को तोड़ दिया। कुछ ही पलों में एक शांत घर भयावह हादसे का केंद्र बन गया।
नेशनल डेस्क: सुबह का समय करीब चार बजे। पूरा इलाका गहरी नींद में डूबा हुआ था। तभी अचानक इंदौर के एक घर से उठी चीखों ने सन्नाटे को तोड़ दिया। कुछ ही पलों में एक शांत घर भयावह हादसे का केंद्र बन गया। एक इलेक्ट्रिक कार, जो घर के बाहर चार्ज हो रही थी, अचानक आग की लपटों में घिर गई और देखते ही देखते यह आग पूरे मकान में फैल गई। इस दर्दनाक घटना में आठ लोगों की जान चली गई।
कैसे हुआ हादसा
यह घटना इंदौर के तिलक नगर इलाके की है। यहां एक परिवार के घर के बाहर इलेक्ट्रिक कार रातभर चार्जिंग पर लगी हुई थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, तड़के करीब चार बजे चार्जिंग प्वाइंट में शॉर्ट सर्किट हुआ। इसी के बाद कार में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में उसने पास खड़े घर को अपनी चपेट में ले लिया। धीरे-धीरे यह आग तीन मंजिला मकान में फैल गई और हालात बेकाबू हो गए।
सिलेंडर ब्लास्ट ने बढ़ाई तबाही
बताया जा रहा है कि घर के अंदर कई एलपीजी सिलेंडर रखे हुए थे। जब आग अंदर तक पहुंची, तो एक के बाद एक कई सिलेंडर फटने लगे। कम से कम चार बड़े धमाकों की आवाज पूरे इलाके में सुनी गई। इन धमाकों से मकान के कुछ हिस्से भी ढह गए। इस वजह से घर के अंदर मौजूद लोगों के लिए बाहर निकलना लगभग नामुमकिन हो गया।
इलेक्ट्रॉनिक लॉक भी बना वजह
स्थानीय लोगों के मुताबिक, घर में इलेक्ट्रॉनिक लॉकिंग सिस्टम लगा हुआ था। आग लगने के बाद बिजली चली गई, जिससे ये लॉक काम करना बंद कर गए। दरवाजे नहीं खुल सके और अंदर फंसे लोग बाहर नहीं निकल पाए। जब तक दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, तब तक आग पूरे घर को अपनी चपेट में ले चुकी थी और हालात बहुत गंभीर हो चुके थे।
क्यों बढ़ रहे हैं ऐसे हादसे
इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) आज के समय में तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए लोग इन्हें अपना रहे हैं। सरकार भी इन्हें बढ़ावा दे रही है। लेकिन इसके साथ ही कुछ नई चुनौतियां भी सामने आ रही हैं, खासकर घर पर चार्जिंग को लेकर। सही जानकारी और सावधानी की कमी ऐसे हादसों का कारण बन सकती है।
घर पर EV चार्ज करते समय जरूरी सावधानियां
घर में इलेक्ट्रिक कार चार्ज करना सुविधाजनक जरूर है, लेकिन इसमें लापरवाही खतरनाक साबित हो सकती है।
कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है:
- हमेशा अच्छी गुणवत्ता वाले और प्रमाणित चार्जर का इस्तेमाल करें
- चार्जिंग प्वाइंट की वायरिंग सही और सुरक्षित होनी चाहिए
- ओवरलोडिंग से बचें
- चार्जिंग के दौरान गाड़ी के आसपास ज्वलनशील सामान न रखें
- समय-समय पर इलेक्ट्रिकल सिस्टम की जांच कराते रहें
- रातभर बिना निगरानी के चार्जिंग करने से बचें