Edited By jyoti choudhary,Updated: 18 Mar, 2026 03:32 PM

ईरान-इजराइल तनाव के बीच पिछले दिनों दबाव में रहे भारतीय शेयर बाजार में अब राहत के संकेत दिख रहे हैं। बीते तीन कारोबारी सत्रों से बाजार में लगातार तेजी देखने को मिल रही है, जिससे निवेशकों की संपत्ति में जबरदस्त इजाफा हुआ है।
बिजनेस डेस्कः ईरान-इजराइल तनाव के बीच पिछले दिनों दबाव में रहे भारतीय शेयर बाजार में अब राहत के संकेत दिख रहे हैं। बीते तीन कारोबारी सत्रों से बाजार में लगातार तेजी देखने को मिल रही है, जिससे निवेशकों की संपत्ति में जबरदस्त इजाफा हुआ है।
बुधवार को भी बाजार हरे निशान में बंद हुआ, जिसके चलते बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन करीब 6 लाख करोड़ रुपए बढ़कर 439 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंच गया।
सेंसेक्स 633.29 अंक उछलकर 76,704.13 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी में भी 196.65 अंक की तेजी आई, ये 23,777.80 के स्तर पर बंद हुआ।
आईटी शेयर बने तेजी के हीरो
इस रैली में आईटी सेक्टर ने सबसे अहम भूमिका निभाई। इंफोसिस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टीसीएस और टेक महिंद्रा जैसे शेयरों में करीब 3% तक की बढ़त दर्ज की गई। इसके अलावा, जोमैटो की पैरेंट कंपनी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, ट्रेंट, अडानी पोर्ट्स और इंडिगो जैसे शेयरों में भी 2% तक तेजी देखने को मिली।
हालांकि, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, टाटा स्टील और बजाज फाइनेंस जैसे शेयरों में कमजोरी रही।
बाजार में तेजी के प्रमुख कारण
1. कच्चे तेल की कीमतों में नरमी
तेल की कीमतों में गिरावट से बाजार को राहत मिली। ब्रेंट क्रूड 1% से ज्यादा गिरकर 102 डॉलर प्रति बैरल के आसपास आ गया, जबकि WTI क्रूड करीब 2% फिसलकर 94.53 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
2. ग्लोबल मार्केट से मजबूत संकेत
अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ बंद हुए। एसएंडपी 500, नैस्डैक और डाउ जोंस में तेजी देखने को मिली। वहीं एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई 225 और दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स भी मजबूत रहे, जिससे घरेलू बाजार को सपोर्ट मिला।
3. बॉन्ड यील्ड में गिरावट
अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में लगातार गिरावट दर्ज की गई, जिससे इक्विटी बाजारों में निवेश का आकर्षण बढ़ा। 10 साल की बॉन्ड यील्ड घटकर 4.19% के आसपास आ गई।
4. वैल्यू बायिंग का असर
हालिया भारी गिरावट के बाद निवेशकों ने निचले स्तरों पर खरीदारी की। मार्च के पहले दो हफ्तों में बाजार में करीब 10% की गिरावट आई थी, जिसके बाद अब रिकवरी देखने को मिल रही है।