Edited By Rohini Oberoi,Updated: 05 Sep, 2026 09:46 AM

नवी मुंबई के पाम बीच रोड पर स्थित एक ऊंची इमारत में आज सुबह शॉर्ट सर्किट की वजह से अचानक आग लग गई। घटना के वक्त इमारत के इलेक्ट्रिक मीटर रूम से निकला घना धुआं ऊपर की मंजिलों तक फैल गया था जिससे निवासियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि सुरक्षाकर्मियों...
ठाणे : नवी मुंबई के पाम बीच रोड पर स्थित एक ऊंची इमारत में आज सुबह शॉर्ट सर्किट की वजह से अचानक आग लग गई। घटना के वक्त इमारत के इलेक्ट्रिक मीटर रूम से निकला घना धुआं ऊपर की मंजिलों तक फैल गया था जिससे निवासियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि सुरक्षाकर्मियों और फायर ब्रिगेड की तत्परता से समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया जिससे कोई हताहत नहीं हुआ।
उन्होंने बताया कि आग वाशी-बेलापुर पाम बीच रोड पर स्थित बेवर्ली पार्क सोसाइटी में लगी। एक अधिकारी ने बताया कि इमारत के 'B' विंग में ग्राउंड फ्लोर पर मौजूद मीटर बॉक्स रूम से निकला घना धुआं आठवीं मंज़िल तक फैल गया था। उन्होंने कहा कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी थी।
सिक्योरिटी स्टाफ और नवी मुंबई म्युनिसिपल कॉरपोरेशन (NMMC) की फायर सर्विस की तत्परता से कोई घायल नहीं हुआ और न ही किसी की जान गई। मौके पर मौजूद सिक्योरिटी गार्ड्स ने शुरू में दो फायर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल करके आग पर काबू पाने की कोशिश की। फायर ब्रिगेड के अधिकारियों के पहुंचने पर उन्होंने दो और एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल किया और आग बुझाने के लिए होज़ रील का सहारा लिया।
धुआं बहुत ज़्यादा होने की वजह से एहतियात के तौर पर फायरफाइटर्स ने चौथी मंज़िल तक के निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाला। अधिकारी ने बताया कि 18वीं मंज़िल तक इमारत की अच्छी तरह जांच करने पर पता चला कि सभी लोग सुरक्षित हैं और सभी का पता चल गया है।