Edited By Anu Malhotra,Updated: 01 Jun, 2026 02:25 PM

Cockroach Janata Party (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोमवार को कहा कि वह परीक्षा संबंधी गड़बड़ियों के संबंध में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन की शुरुआत के लिए छह जून को भारत लौटेंगे।...
नई दिल्ली: Cockroach Janata Party (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोमवार को कहा कि वह परीक्षा संबंधी गड़बड़ियों के संबंध में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन की शुरुआत के लिए छह जून को भारत लौटेंगे। वर्तमान में अमेरिका में रह रहे दीपके ने 'इंस्टाग्राम' पर जारी एक वीडियो में समर्थकों और छात्रों से दिल्ली में उनके विरोध प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया।
जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन की तैयारी
उन्होंने कहा, ''अब समय आ गया है कि हम सभी भारत के संविधान के मार्ग पर चलते हुए एकजुट हों और शांतिपूर्वक धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करें। अगर हम सब मिलकर आवाज उठाएंगे तो उन्हें हमारी बात जरूर सुननी पड़ेगी।''
दीपके ने समर्थकों से 6 जून को हवाई अड्डे पर उनसे मिलने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, ''मैंने फैसला किया है कि मैं शनिवार, 6 जून की सुबह दिल्ली पहुंचूंगा। कृपया हवाई अड्डे पर मुझसे मिलें और हम सब मिलकर संसद मार्ग थाने जाकर जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की अनुमति मांगेंगे।''
वीडियो में दीपके ने आरोप लगाया कि परीक्षा संबंधी विवादों और व्यवधानों ने छात्रों को चिंतित कर दिया है। उन्होंने सरकार से जवाबदेही की मांग भी की। दीपके ने 'Cockroach Janata Party' के नाम से एक युवा केंद्रित सोशल मीडिया आंदोलन की शुरुआत की है जिसने अपने अस्तित्व में आने के साथ ही लोकप्रियता हासिल की है और कई सार्वजनिक हस्तियों ने इसका समर्थन किया है।