AIMIM नेता की नृशंस हत्या, 5-6 हमलावरों ने चाकू व दरांती से किया हमला; इलाके में मचा हड़कंप

Edited By Updated: 31 Aug, 2026 01:00 PM

aimim leader stabbed to death in hyderabad

अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद अली सड़क पर गिर गए और करीब 15 मिनट तक वहीं पड़े रहे। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हमले की सूचना मिलने पर फलकनुमा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

हैदराबाद: ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के एक नेता की हैदराबाद के फलकनुमा इलाके में चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 60 वर्षीय महबूब अली के तौर पर हुई है। यह घटना रविवार देर रात हुई। अधिकारियों ने बताया कि हत्या की वजह का तुरंत पता नहीं चल सका। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, AIMIM नेता को रविवार रात फलकनुमा पुलिस स्टेशन इलाके के वट्टेपल्ली में चाकू मारा गया। 

अधिकारियों ने बताया कि पांच-छह लोगों के एक समूह ने अली पर हमला किया। उन्होंने बताया कि हमलावरों ने उन्हें अलमास होटल के पास घेर लिया और चाकू व दरांती से हमला किया। कई बार चाकू लगने से AIMIM नेता गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद हमलावर मौके से भाग गए। अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद अली सड़क पर गिर गए और करीब 15 मिनट तक वहीं पड़े रहे। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हमले की सूचना मिलने पर फलकनुमा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। 

घटना के बारे में आधिकारिक बयान में पुलिस ने कहा, "संदिग्धों को पकड़ने के लिए तीन विशेष टीमें बनाई गई हैं। हत्या की वजह का तुरंत पता नहीं चल सका है।" घटना के बाद AIMIM विधायक मोहम्मद मुबीन पीड़ित परिवार से मिले और अपनी संवेदना व्यक्त की। मुबीन ने X पर एक पोस्ट में लिखा, "AIMIM कार्यकर्ता मरहूम महबूब अली साहब की बेरहमी से की गई हत्या से बहुत दुखी और स्तब्ध हूं। वट्टेपल्ली के अलमास होटल में अज्ञात हमलावरों ने घातक हथियारों से उन पर हमला किया था।" विधायक पुलिस स्टेशन पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से मिलकर इस अपराध के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त और तत्काल कार्रवाई की मांग की। 

मुबीन ने आगे कहा, "हम तेलंगाना सरकार और हैदराबाद पुलिस से आग्रह करते हैं कि वे गश्त बढ़ाएं, असामाजिक तत्वों पर नकेल कसें और ड्रग्स व हिंसक अपराधों के बढ़ते खतरे के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें, ताकि हर नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।" पुलिस ने बताया कि अभी जांच चल रही है और चश्मदीदों तथा मृतक के परिवार से जानकारी जुटाई जा रही है। आगे की जानकारी का इंतजार है।
 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!