Edited By Parveen Kumar,Updated: 19 Oct, 2026 09:02 PM

ओडिशा के भद्रक जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-16 पर सोमवार को एक एम्बुलेंस, स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) को टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ी। पुलिस ने बताया कि इस हादसे में मरीज समेत दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह...
नेशनल डेस्क : ओडिशा के भद्रक जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-16 पर सोमवार को एक एम्बुलेंस, स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) को टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ी। पुलिस ने बताया कि इस हादसे में मरीज समेत दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
मृतकों की पहचान पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर शहर के पास स्थित बंदपटना गांव की निवासी मालती डांडपत (65) और उनकी 18 वर्षीय पोती खुशी गुरु के रूप में हुई है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि खुशी की तबीयत खराब थी और उसके परिजन इलाज के लिए निजी एम्बुलेंस से उसे कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जा रहे थे। हादसे में खुशी की मां वरुणा गुरु और पिता शिवनाथ गुरु गंभीर रूप से घायल हो गए।
भद्रक ग्रामीण थाना प्रभारी सुब्रत दास ने बताया कि एम्बुलेंस ने पहले आगे चल रही एसयूवी को टक्कर मारी और फिर अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से टकरा गई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में एम्बुलेंस चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है।