उत्तराखंड में जनता से बोले अमित शाह- पिछली बार 47 सीटें दीं, लेकिन अब 65 से अधिक सीटें चाहिए

Edited By Updated: 06 Nov, 2026 05:26 PM

amit shah statement on uttarakhand

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड की जनता से अगले साल की शुरुआत में प्रस्तावित राज्य विधानसभा चुनाव में भाजपा को 65 से अधिक सीटें जिताकर लगातार तीसरी बार पार्टी की सरकार बनाने का आह्वान किया है।

देहरादून । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड की जनता से अगले साल की शुरुआत में प्रस्तावित राज्य विधानसभा चुनाव में भाजपा को 65 से अधिक सीटें जिताकर लगातार तीसरी बार पार्टी की सरकार बनाने का आह्वान किया है। उन्होंने शुक्रवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उत्तराखंड को सुरक्षित, समृद्ध और देश की सांस्कृतिक राजधानी बनाना चाहती है। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह के तहत 1,475.31 करोड़ रुपये की 62 योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के अवसर पर यहां परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में शाह ने कहा कि असम, गुजरात, हरियाणा, मध्यप्रदेश, गोवा और महाराष्ट्र में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाकर हैट्रिक लगा चुकी है। अब उत्तराखंड की बारी है। उन्होंने कहा, ''साल 2017 में जब मैं पार्टी का अध्यक्ष था, तब आपने 46 प्रतिशत वोट देकर भाजपा को 57 सीटें दी थीं। 2022 में 44 प्रतिशत वोट के साथ 47 सीटें दीं। लेकिन इस बार इससे काम नहीं चलेगा। हमें 65 पार का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ना है।'' 

शाह ने लोगों से अपील करते हुए कहा, ''भाजपा इस सीमांत राज्य को सुरक्षित, समृद्ध और देश की सांस्कृतिक राजधानी बनाना चाहती है। इन तीनों उद्देश्यों के लिए हमें इस बार आपका जनादेश और आशीर्वाद चाहिए।'' कांग्रेस पर निशाना साधते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने आरोप लगाया कि उसने वर्षों तक उत्तराखंड को 'मनीऑर्डर अर्थव्यवस्था' और पलायन के भरोसे छोड़ दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने यह तर्क देकर सीमावर्ती क्षेत्रों को सड़कों से भी वंचित रखा कि इससे दुश्मन चीन देश में घुस आएगा। उन्होंने कहा, ''हमने पलायन को यथासंभव रोकने का प्रयास किया है और मनीऑर्डर अर्थव्यवस्था की जगह यहां धन का सृजन करने वाली औद्योगिक अर्थव्यवस्था बनाने का काम किया है। हमने सड़कें भी बनाईं और ऐसा देश भी बनाया जिसकी सीमाओं को छूने की हिम्मत किसी माई के लाल में नहीं है।'' शाह ने कहा कि भारत के साथ दुस्साहस करने वालों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने 'ऑपरेशन सिंदूर' और 'सर्जिकल स्ट्राइक' के जरिए उनके घर में घुसकर जवाब दिया। उन्होंने कांग्रेस पर आतंकवाद को रोकने में असफल होने का आरोप लगाते हुए कहा कि मोदी सरकार ने इसे समाप्त करने की दिशा में कठोर कदम उठाए हैं। 

'वोट बचाओ यात्रा' वास्तव में 'घुसपैठिया बचाओ' यात्रा
केंद्रीय गृह मंत्री ने 'वाइब्रेंट विलेज' योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार ने सीमावर्ती गांवों को देश का पहला गांव माना है। उन्होंने दावा किया कि 270 करोड़ रुपये की योजनाओं के माध्यम से आज 51 गांवों में युवा वापस लौटने लगे हैं। मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस के विरोध पर शाह ने कहा कि राहुल गांधी की 'वोट बचाओ यात्रा' वास्तव में 'घुसपैठिया बचाओ' यात्रा है। उन्होंने कांग्रेस पर घुसपैठ को बढ़ावा देने, तुष्टीकरण की राजनीति करने, शुक्रवार की नमाज के लिए छुट्टी का प्रस्ताव लाने, राम मंदिर का विरोध करने, जनसांख्यिकीय बदलाव वाली नीतियां बनाने तथा भ्रष्टाचार और घोटालों में शामिल होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ''राहुल गांधी जी, आपका यह झूठा नैरेटिव(विमर्श) भारत की जनता को हजम नहीं होता।''शाह ने दावा किया कि भाजपा ने पिछले 10 वर्षों में प्रदेश की जनता को भ्रष्टाचार मुक्त शासन दिया है और एक-एक पैसा लोगों तक पहुंचाने का काम किया है। उत्तराखंड में भाजपा सरकार द्वारा लागू समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इस कानून के लागू होने के बाद प्रदेश में किसी को चार शादियां करने या 'तीन तलाक' के जरिए किसी महिला का अपमान करने की अनुमति नहीं है। शाह ने कहा कि देश के 15 अन्य भाजपा शासित राज्य भी अपने यहां यूसीसी लागू करने की दिशा में काम कर रहे हैं। 

शाह ने प्रदेश में केंद्र सरकार की विभिन्न परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। इनमें दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारा, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और केदारनाथ एवं हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र में मोदी और प्रदेश में धामी सरकार उत्तराखंड के विकास के लिए लगातार काम कर रही हैं। भाजपा नेता ने कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को चुनौती देते हुए कहा कि वे अपने शासनकाल का कोई एक ऐसा काम बताएं, जिसे उत्तराखंड की जनता आज भी याद करती हो। शाह ने कहा कि अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो मुस्लिम विश्वविद्यालय की वकालत करेगी, जबकि भाजपा सरकार अवैध मजारों और मदरसों को हटाकर प्रदेश को अतिक्रमण से मुक्त करेगी। उन्होंने लोगों से कहा कि उन्हें तय करना है कि अगले चुनाव के बाद उन्हें भाजपा की विकास करने वाली सरकार चाहिए या राहुल गांधी की भ्रष्टाचार करने वाली सरकार। शाह ने कहा कि आने वाले दिनों में भाजपा कार्यकर्ता उत्तराखंड के नागरिकों से घर-घर जाकर संपर्क करेंगे। उन्होंने जनता से अपील की कि भाजपा के पिछले 10 वर्षों के कार्यकाल, प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता और उनकी विकास योजनाओं तथा पिछले 13 वर्षों में भाजपा द्वारा संस्कृति और सुरक्षा के लिए किए गए कार्यों के आधार पर पार्टी को इस बार सबसे अधिक सीटों के साथ सत्ता में लाएं।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!