Edited By Ramkesh,Updated: 15 Sep, 2026 03:31 PM

दिल्ली में मंगलवार को कम से कम तीन स्कूलों को बम की धमकी वाले ईमेल मिले, जिसके बाद इन विद्यालय परिसरों से विद्यार्थियों को बाहर निकाला गया तथा सुरक्षा जांच की गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने कहा कि ये धमकियां बाद में झूठी साबित हुईं...
नई दिल्ली: दिल्ली में मंगलवार को कम से कम तीन स्कूलों को बम की धमकी वाले ईमेल मिले, जिसके बाद इन विद्यालय परिसरों से विद्यार्थियों को बाहर निकाला गया तथा सुरक्षा जांच की गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने कहा कि ये धमकियां बाद में झूठी साबित हुईं क्योंकि परिसरों की तलाशी में कुछ भी नहीं मिला।
उन्होंने कहा कि जिन विद्यालयों को ऐसी धमकी मिली, वे विद्यालय चाणक्यपुरी स्थित ब्रिटिश स्कूल, धौला कुआं स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल और लोदी एस्टेट स्थित सरदार पटेल विद्यालय हैं। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अनुसार, उसके पास पूर्वाह्न साढ़े 11 बजे धौला कुआं के 'आर्मी पब्लिक स्कूल' से एक फोन आया जिसके बाद एक अग्निशमन गाड़ी मौके पर भेजी गयी।
एक डीएफएस अधिकारी ने कहा, ''सघन तलाशी के बाद एक बजकर पांच मिनट पर बम की धमकी फर्जी घोषित की गयी।'' पुलिस को ब्रिटिश स्कूल में बम की धमकी वाले ईमेल के बारे में सूचना मिली। जांच के बाद इसे भी झूठी खबर करार दिया गया। पुलिस के मुताबिक सुरक्षा कर्मियों ने किसी भी संदिग्ध वस्तु या सामान को लेकर इन विद्यालय के भवनों और आस-पास के इलाकों की तलाशी की। पुलिस जांच के तहत ईमेल के स्रोत का पता लगा रही है और धमकियों से जुड़ी जानकारी का भी विश्लेषण कर रही है। एक अधिकारी ने कहा कि तलाशी के दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला तथा सुरक्षा एजेंसियों के निरीक्षण के बाद यह धमकी झूठी साबित हुई।
सरदार पटेल विद्यालय ने एक नोटिस में कहा कि सुरक्षा संबंधी धमकी मिलने के बाद सभी विद्यार्थियों को सुरक्षित रूप से परिसर से बाहर निकाला गया। उसने कहा कि पुलिस को सूचित कर दिया गया और वह जरूरी कदम उठा रही है। नोटिस के अनुसार, माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों की परीक्षाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों की ज़्यादातर परीक्षाएं पूरी हो गई हैं। विद्यालय ने कहा कि बची हुई परीक्षाओं पर कोई फैसला करने से पहले वह स्थिति का सावधानीपूर्वक आकलन करेगा। अधिकारियों ने बताया कि ईमेल भेजने वाले की पहचान करने के लिए जांच चल रही है।