Edited By Rohini Oberoi,Updated: 13 Mar, 2026 09:18 AM

उत्तर प्रदेश में समय से पहले ही जून जैसी तपिश महसूस होने लगी है। प्रदेश के अधिकतर जिलों में तापमान सामान्य से 3-4 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है। हालांकि इस चुभन भरी धूप के बीच राहत की बात यह है कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western...
UP Weather Alert : उत्तर प्रदेश में समय से पहले ही जून जैसी तपिश महसूस होने लगी है। प्रदेश के अधिकतर जिलों में तापमान सामान्य से 3-4 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है। हालांकि इस चुभन भरी धूप के बीच राहत की बात यह है कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) दस्तक दे रहा है जो अगले दो से तीन दिनों तक मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल देगा। वहीं सोमवार 16 मार्च को प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, सीतापुर, बरेली, रामपुर और सहारनपुर समेत कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश की प्रबल संभावना के साथ बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।
आज और कल कैसा रहेगा हाल?
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार आज शुक्रवार 13 मार्च और कल शनिवार को प्रदेश के सभी जिले ग्रीन जोन में रहेंगे। आसमान साफ रहेगा और धूप का असर तेज रहेगा। राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 35 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है जबकि नोएडा और मेरठ जैसे जिलों में पारा 38 डिग्री तक पहुंच सकता है।

15 मार्च से बदलेगी रंगत: आंधी और वज्रपात की चेतावनी
असली बदलाव रविवार 15 मार्च से शुरू होगा। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पश्चिमी यूपी में 30-40 किमी और पूर्वी यूपी में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। सोमवार 16 मार्च को प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, सीतापुर, बरेली, रामपुर और सहारनपुर समेत कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश की प्रबल संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बिजली गिरने (वज्रपात) की चेतावनी जारी की गई है।

तापमान का उतार-चढ़ाव
अगले 24 घंटों में तापमान में 2 डिग्री की और बढ़ोतरी हो सकती है लेकिन बारिश और ठंडी हवाओं के असर से इसके बाद पारे में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की जाएगी। इससे लोगों को गर्मी से अस्थायी राहत तो मिलेगी लेकिन न्यूनतम तापमान (रात का पारा) लगातार बढ़ता रहेगा।