Edited By Rahul Rana,Updated: 21 Aug, 2026 01:49 PM

जयपुर जिले के रामपुरा कंवरपुरा में एक सरकारी स्कूल का दौरा करने पहुंची ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) की टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है।
Attack On CJP Team: जयपुर जिले के रामपुरा कंवरपुरा में एक सरकारी स्कूल का दौरा करने पहुंची ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) की टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। CJP टीम ने आरोप लगाया है कि मौके पर मौजूद BJP-RSS से जुड़े लोगों ने उनके साथ मारपीट की, पथराव किया और वाहनों में तोड़फोड़ की।
CJP सदस्य संजू के मुताबिक, टीम स्कूल की स्थिति का जायजा लेने पहुंची थी। उनका दावा है कि टीम के सदस्य करीब एक साल पहले भी यहां आए थे, तब स्कूल परिसर में भैंसों का तबेला होने की बात सामने आई थी। इसी के बाद स्कूल की स्थिति सुधारने के उद्देश्य से टीम दोबारा मौके पर पहुंची थी।
धक्का-मुक्की और डंडों से मारपीट का आरोप
संजू ने आरोप लगाया कि स्कूल पहुंचने के बाद वहां मौजूद लोगों ने टीम के सदस्यों के साथ धक्का-मुक्की और डंडों से मारपीट की। उन्होंने यह भी दावा किया कि पथराव में उन्हें चोट लगी है। संजू के अनुसार, टीम का उद्देश्य केवल स्कूल की स्थिति देखना और बच्चों के लिए बेहतर शैक्षणिक माहौल की मांग करना था।
CJP प्रवक्ता ने पुलिस पर भी उठाए सवाल
CJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने घटना को लेकर BJP पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि मौके पर पहले से तनाव की स्थिति थी और पुलिस को इसकी जानकारी थी। रांका ने आरोप लगाया कि CJP के कुछ वॉलंटियर्स के हाथ में चोट आई, महिलाओं पर भी पथराव किया गया और उनके फोन तोड़े गए।
रांका ने मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी शिक्षा के मुद्दे से आगे आंदोलन को लेकर सरकार और शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के खिलाफ भी विरोध तेज करेगी।
स्कूल की स्थिति पर उठे सवाल
CJP का कहना है कि रामपुरा कंवरपुरा के सरकारी स्कूल की बदहाल स्थिति को लेकर पहले भी सवाल उठाए गए थे। पार्टी का दावा है कि स्कूल को बेहतर बनाने और बच्चों को उचित सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से टीम वहां पहुंची थी। इसी दौरान विवाद और कथित हिंसा की स्थिति पैदा हुई।