Edited By Anu Malhotra,Updated: 18 Oct, 2026 10:04 AM

भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने भ्रामक दावों और नियमों का पालन न करने के संबंध में नेस्ले इंडिया लिमिटेड और हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड को नोटिस जारी किए हैं। इसके अलावा, खाद्य सुरक्षा से जुड़े गंभीर उल्लंघनों के लिए मेसर्स...
नई दिल्ली: देश में खाद्य सुरक्षा पर नज़र रखने वाली संस्था FSSAI (भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण) ने कड़ा रुख अपनाते हुए दिग्गज कंपनियों 'नेस्ले इंडिया' और 'हिंदुस्तान यूनिलीवर' (HUL) को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। यह कार्रवाई भ्रामक दावों और सरकारी नियमों की अनदेखी करने पर की गई है। इसके साथ ही, खाद्य सुरक्षा से जुड़े गंभीर नियमों को तोड़ने पर 'सुखदर्शन फार्मा' और 'बालाजी फूड प्रोडक्ट्स' के लाइसेंस तुरंत प्रभाव से Suspend कर दिए गए हैं।
सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में नियामक ने बताया कि हिंदुस्तान यूनिलीवर अपने प्रसिद्ध हेल्थ ड्रिंक्स-'हॉर्लिक्स विमेंस प्लस (चॉकलेट)' और 'हॉर्लिक्स मदर्स प्लस (केसर)'-के प्रचार में ऐसे दावे कर रही थी जो उपभोक्ताओं को भ्रमित कर सकते हैं। कंपनी ने इन प्रोडक्ट्स में हड्डियों को मजबूत बनाने, नवजात शिशु के सही वजन और नो एडेड शुगर जैसे बड़े-बड़े दावे किए थे।
FSSAI की जांच में ये सभी दावे या तो भ्रामक पाए गए या फिर खाद्य सुरक्षा के तय पैमानों पर खरे नहीं उतरे। अथॉरिटी ने कंपनी से एक तय समय-सीमा के भीतर इस पर जवाब मांगा है।
दूसरी ओर, नेस्ले इंडिया और दो अन्य डेयरी उत्पादक कंपनियों को 'नेस्कैफे रेडी-टू-ड्रिंक' कॉफी की लेबलिंग और इंटरनेट पर दिए गए विवरण में गड़बड़ी के चलते नोटिस थमाया गया है। जांच में पाया गया कि प्रोडक्ट के डिब्बे पर लिखी जानकारी और सरकार के पास दर्ज उसकी कैटेगरी आपस में मेल नहीं खा रही थीं।
इतना ही नहीं, नेस्ले के एक अन्य प्रोडक्ट 'रिसोर्स रीनल वैनिला फ्लेवर पाउडर' को लेकर भी नोटिस जारी हुआ है। यह पाउडर किडनी की गंभीर बीमारी (क्रोनिक किडनी डिसीज) से जूझ रहे मरीजों के लिए बनाया गया है। FSSAI का कहना है कि कंपनी ने इस मेडिकल प्रोडक्ट को बाजार में उतारने से पहले आवश्यक सरकारी मंजूरी नहीं ली थी। खाद्य नियामक ने सभी संबंधित कंपनियों से स्पष्टीकरण मांगा है। कंपनियों से जवाब मिलने और नियमों की समीक्षा के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।
नेस्ले इंडिया का बयान
वहीं नेस्ले इंडिया ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, 'FSSAI ने नेस्ले इंडिया को Nescafé Ready To Drink उत्पादों के लेबल पर दी गई जानकारी और उनके वर्गीकरण के संबंध में एक सूचना भेजी है। इसका संबंध उत्पादों की सुरक्षा या गुणवत्ता से नहीं है। उल्लेखित उत्पाद सेवन के लिए सुरक्षित हैं और खाद्य सुरक्षा से संबंधित सभी लागू आवश्यकताओं को पूरा करते हैं। हम संबंधित अधिकारियों को अपना जवाब प्रस्तुत करेंगे और कानून के तहत निर्धारित उचित प्रक्रिया के अनुसार उनके साथ बातचीत करेंगे।'