Edited By Ramkesh,Updated: 14 Jul, 2026 07:09 PM

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली दंगों के एक मामले में ताहिर हुसैन को दोषी ठहराए जाने के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अदालत द्वारा दोषी ठहराया गया व्यक्ति वही है, जिस पर दिल्ली में दंगे भड़काने और आईबी...
नेशनल डेस्क: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली दंगों के एक मामले में ताहिर हुसैन को दोषी ठहराए जाने के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अदालत द्वारा दोषी ठहराया गया व्यक्ति वही है, जिस पर दिल्ली में दंगे भड़काने और आईबी कर्मचारी अंकित शर्मा की हत्या के मामले में जिम्मेदारी तय की गई है।
ताहिर हुसैन से राजनीतिक संबंध क्यों रहे?
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि ताहिर हुसैन ने दिल्ली की जनता को गहरी पीड़ा पहुंचाई और दंगों के दौरान कई लोगों की जान गई। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे व्यक्ति को आम आदमी पार्टी का राजनीतिक संरक्षण प्राप्त था। उन्होंने अरविंद केजरीवाल, संजय सिंह और मनीष सिसोदिया से सवाल करते हुए कहा कि उन्हें दिल्ली की जनता को बताना चाहिए कि ताहिर हुसैन के साथ उनके राजनीतिक संबंध क्यों रहे।
दिल्ली की जनता कभी माफ नहीं करेगी
रेखा गुप्ता ने कहा कि अदालत का फैसला उन परिवारों के लिए न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जिन्होंने दंगों में अपने प्रियजनों को खोया। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता के प्रति ताहिर हुसैन के साथ-साथ उन नेताओं की भी जवाबदेही बनती है, जिन पर उन्होंने राजनीतिक संरक्षण देने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि दिल्ली की जनता ऐसे लोगों को कभी माफ नहीं करेगी।
गौरतलब है कि दिल्ली की एक अदालत ने सोमवार को वर्ष 2020 के उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगों के दौरान हुई, खुफिया ब्यूरो (आईबी) के अधिकारी अंकित शर्मा की हत्या के मामले में ताहिर हुसैन सहित पांच लोगों को दोषी ठहराया था।