कांग्रेस-माकपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प, पूर्व विधायक समेत कई लोगों पर केस दर्ज

Edited By Updated: 11 Oct, 2026 03:14 PM

congress and cpi m workers clash in kerala

केरलम में पत्तनमथिट्ठा जिले के अदूर में कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के युवा कार्यकर्ताओं के बीच कई जगह झड़पें हुईं, जिसके बाद पुलिस ने पलक्कड़ के पूर्व विधायक राहुल ममकूटाथिल समेत कई लोगों के खिलाफ तीन मामले दर्ज किए हैं।

पत्तनमथिट्ठाः केरलम में पत्तनमथिट्ठा जिले के अदूर में कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के युवा कार्यकर्ताओं के बीच कई जगह झड़पें हुईं, जिसके बाद पुलिस ने पलक्कड़ के पूर्व विधायक राहुल ममकूटाथिल समेत कई लोगों के खिलाफ तीन मामले दर्ज किए हैं। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि केरल छात्र संघ (केएसयू), युवा कांग्रेस, स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) और डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया (डीवाईएफआई) के कार्यकर्ताओं के खिलाफ तीन मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, शनिवार को अदूर के 'कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग' में छात्र संघ के चुनाव के बाद तनाव शुरू हुआ था। इसके बाद दिल्ली में माकपा नेताओं को हिरासत में लिए जाने के विरोध में एसएफआई और डीवाईएफआई कार्यकर्ताओं ने अदूर में एक रैली निकाली, जिससे तनाव और बढ़ गया। 

पुलिस ने बताया कि पहला मामला शनिवार शाम करीब सात बजे विरोध रैली के दौरान एझामकुलम में एक दवा की दुकान के सामने केएसयू के दो नेताओं पर कथित हमले से जुड़ा है। अधिकारियों के अनुसार, इस घटना के सिलसिले में एसएफआई और डीवाईएफआई के सात कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि दूसरी घटना रात करीब 10 बजकर 50 मिनट पर अदूर के सरकारी अस्पताल में हुई, जहां राहुल ममकूटाथिल के नेतृत्व में केएसयू और युवा कांग्रेस के करीब 25 कार्यकर्ताओं के एक समूह ने एसएफआई के दो कार्यकर्ताओं पर कथित तौर पर हमला किया।

अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में ममकूटाथिल और युवा कांग्रेस तथा केएसयू के 26 अन्य कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। तीसरा मामला रात करीब साढ़े 11 बजे अदूर के एक निजी अस्पताल में एसएफआई कार्यकर्ताओं द्वारा युवा कांग्रेस के एक कार्यकर्ता पर कथित हमले से जुड़ा है। पुलिस ने बताया कि युवा कांग्रेस का कार्यकर्ता झड़प में घायल केएसयू के एक कार्यकर्ता से मिलने अस्पताल पहुंचा था। पुलिस के अनुसार, शनिवार रात अदूर के अन्य हिस्सों से भी मामूली झड़पों की खबरें मिलीं।

पुलिस ने बताया कि तनाव कम करने और आगे झड़पें रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं। पिछले साल यौन उत्पीड़न के आरोप लगने के बाद कांग्रेस ने पलक्कड़ से तत्कालीन विधायक राहुल ममकूटाथिल को पार्टी से निलंबित कर दिया था। इन आरोपों के बाद उन्होंने युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद से भी इस्तीफा दे दिया था। पुलिस ने बताया कि ममकूटाथिल के खिलाफ यौन उत्पीड़न के कई मामले दर्ज किए गए थे और उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था। हालांकि, ममकूटाथिल फिलहाल कांग्रेस में किसी पद पर नहीं हैं, लेकिन वह सोशल मीडिया पर नियमित रूप से पोस्ट करके पार्टी के प्रति अपना समर्थन जताते रहते हैं। 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!