Edited By Rohini Oberoi,Updated: 16 Apr, 2026 04:38 PM

दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है जो सोशल मीडिया के जरिये विदेशी लोगों के संपर्क में रहकर ठगी कर रहा था। इस मामले में पुलिस ने एक बैंक कर्मचारी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी...
नेशनल डेस्क। दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है जो सोशल मीडिया के जरिये विदेशी लोगों के संपर्क में रहकर ठगी कर रहा था। इस मामले में पुलिस ने एक बैंक कर्मचारी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। बरेली निवासी एक व्यक्ति के खाते से फरवरी में 10,000 रुपये की धोखाधड़ी के संबंध में राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर की गयी शिकायत के बाद यह मामला सामने आया।
पुलिस ने जांच के दौरान मयूर विहार फेज-1 स्थित एक निजी बैंक शाखा में एक संदिग्ध खाते की पहचान की, जिससे ऐसी ही कई शिकायतें संबद्ध थीं। बाद की जांच में पता चला कि एक फर्म के नाम पर खोला गया खाता, साइबर धोखाधड़ी लेनदेन के लिए बार-बार इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ''खाता धारक शौकीन और उसके सहयोगी शाहरूख उर्फ जोजो को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान जोजो ने एक बैंक 'रिलेशनशिप मैनेजर' की संलिप्तता का खुलासा किया, जिसने आर्थिक लाभ के लिए म्यूल खाते खोलने में मदद की।''
उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस ने बैंक कर्मचारी प्रांशु कुमार (23) को भी गिरफ्तार किया, जिसकी भूमिका डिजिटल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर स्थापित हुई। पुलिस ने कहा कि जब्त मोबाइल फोन के फॉरेंसिक विश्लेषण में सोशल मीडिया मंच के जरिये विदेशी हैंडलरों से जुड़े संपर्क सामने आए हैं। आरोपी बैंक संबंधी जानकारियां विदेशी संचालकों के साथ साझा करते थे और बदले में क्रिप्टोकरेंसी में कमीशन प्राप्त करते थे। पुलिस ने बताया कि अन्य आरोपियों की पहचान के लिए जांच जारी है।