प्रधानमंत्री मोदी मेरे अच्छे मित्र हैं, भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौता हो जाएगा : Donald Trump

Edited By Updated: 05 Jun, 2026 09:05 AM

donald trump narendra modi india us trade deal us india trade agreement

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उनके अच्छे मित्र हैं और उन्हें विश्वास है कि अमेरिका तथा भारत के बीच व्यापार समझौता हो जाएगा। ट्रंप ने वीरवार को 'ओवल ऑफिस' (अमेरिकी राष्ट्रपति के कार्यालय) में पत्रकारों से...

वाशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उनके अच्छे मित्र हैं और उन्हें विश्वास है कि अमेरिका तथा भारत के बीच व्यापार समझौता हो जाएगा। ट्रंप ने वीरवार को 'ओवल ऑफिस' (अमेरिकी राष्ट्रपति के कार्यालय) में पत्रकारों से कहा, ''हम समझौते तक पहुंच जाएंगे क्योंकि मैं प्रधानमंत्री (नरेन्द्र मोदी) को बहुत पसंद करता हूं। वह मेरे अच्छे मित्र हैं। हमारे संबंध बहुत अच्छे हैं और हम एक समझौता करने जा रहे हैं।'' दोनों देशों के बीच जारी व्यापार वार्ताओं से जुड़े एक सवाल के जवाब में ट्रंप ने कहा कि भारत ने वर्षों तक अमेरिकी नीतियों का फायदा उठाया और अमेरिकी कंपनियों पर भारी शुल्क (Tariff) लगाया। ट्रंप ने कहा, ''उन्होंने हमारी कंपनियों पर बहुत अधिक शुल्क लगाया, जबकि हमने उन पर कुछ भी शुल्क नहीं लगाया।'' 

इस सप्ताह की शुरुआत में एक अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल भारत गया था और दोनों देशों के बीच अंतरिम द्विपक्षीय समझौते पर चार दिनों तक चली वार्ता बृहस्पतिवार को समाप्त हुई। भारत के वाणिज्य मंत्रालय ने कहा कि ये व्यापार वार्ताएं सहयोग और व्यावहारिकता की भावना से हुईं तथा दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक संबंधों को मजबूत करने वाले पारस्परिक रूप से लाभकारी समझौते को अंतिम रूप देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। ट्रंप ने हार्ले-डेविडसन मोटरसाइकिल का भी उल्लेख करते हुए कहा कि ऊंचे आयात शुल्क के कारण इस प्रतिष्ठित अमेरिकी कंपनी के लिए भारत में अपनी मोटरसाइकिलें बेचना मुश्किल हो गया था। 

उन्होंने कहा, ''पहले वे हार्ले-डेविडसन को अपनी मोटरसाइकिलें बेचने नहीं देते थे। उस पर 200 प्रतिशत शुल्क लगाया गया था, जिससे हार्ले-डेविडसन का कारोबार बाधित हो गया। आखिरकार कंपनी को भारत जाकर अपने संयंत्र स्थापित करने पड़े। यह दुर्भाग्यपूर्ण था, लेकिन ऐसा हुआ। यह मेरे कार्यकाल से पहले की बात है।'' ट्रंप ने इसकी तुलना अमेरिकी शुल्क नीति से करते हुए कहा कि भारतीय मोटरसाइकिल ब्रांड्स को अमेरिकी बाजार में ऐसी कोई बाधा नहीं झेलनी पड़ी। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, ''वे यहां भी मोटरसाइकिलें बेचते थे। जानते हैं हमने उन पर कितना शुल्क लगाया? कुछ भी नहीं। अब स्थिति बिल्कुल उलट है। हम भारत के साथ व्यापार से काफी पैसा कमा रहे हैं।'' 

ट्रंप ने सात फरवरी को प्रधानमंत्री मोदी के साथ फोन पर हुई वार्ता का भी जिक्र किया। उस बातचीत के बाद भारत और अमेरिका ने संयुक्त बयान जारी कर द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) या अंतरिम व्यापार समझौते के पहले चरण की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया था। उस रूपरेखा के अनुसार अमेरिका ने भारत पर लगाए गए शुल्क को 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने पर सहमति जताई थी। रूस से तेल खरीदने के कारण भारतीय वस्तुओं पर लगाए गए 25 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क को भी हटाने पर सहमति बनी थी और शेष 25 प्रतिशत शुल्क को समझौते के तहत घटाकर 18 प्रतिशत किया जाना था। 

हालांकि, 20 फरवरी को अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने 1977 के अंतरराष्ट्रीय आपात आर्थिक शक्ति अधिनियम (आईईईपीए) के तहत ट्रंप द्वारा लगाए गए व्यापक पारस्परिक शुल्क के खिलाफ फैसला सुनाया। इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ने 24 फरवरी से 150 दिनों के लिए सभी देशों पर 10 प्रतिशत शुल्क लगाने की घोषणा की। उच्चतम न्यायालय के फैसले और उसके बाद हुए घटनाक्रमों के मद्देनजर भारत और अमेरिका व्यापार समझौते पर फिर से बातचीत कर रहे हैं। 

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!