Edited By Mansa Devi,Updated: 13 Apr, 2026 05:26 PM

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता बमों का जवाब वोटों से देगी। साथ ही उन्होंने वादा किया कि जब मतदाता ''तृणमूल सरकार को विदा करेंगे'' तो भाजपा ''सिंडिकेट और रिश्वतखोरी को बढ़ावा देने वालों को सीधा करने के लिए...
नेशनल डेस्क: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता बमों का जवाब वोटों से देगी। साथ ही उन्होंने वादा किया कि जब मतदाता ''तृणमूल सरकार को विदा करेंगे'' तो भाजपा ''सिंडिकेट और रिश्वतखोरी को बढ़ावा देने वालों को सीधा करने के लिए उन्हें उल्टा लटकाएगी।'' शाह ने बीरभूम जिले के मयूरेश्वर और खैरासोल क्षेत्रों तथा पश्चिम बर्धमान के रानीगंज में चुनावी रैलियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बंगाल में भाजपा सरकार बनाएगी, क्योंकि राज्य की जनता ने तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी को ''टाटा-बाय-बाय'' कहने का मन बना लिया है।
उन्होंने कहा, '' लोग ममता सरकार को विदा कर दें, इसके बाद भाजपा सिंडिकेट और रिश्वतखोरी को बढ़ावा देने वालों को सीधा करने के लिए उन्हें उल्टा लटकाने का काम करेगी।'' गृह मंत्री ने आरोप लगाया कि तृणमूल से संरक्षण पाए अपराधियों ने लंबे समय से बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित किया है। उन्होंने कहा कि पांच मई के बाद यानी मतगणना के एक दिन बाद, भाजपा कार्यकर्ता अपने उत्पीड़कों को 'उनके गढ़' से खींचकर निकालेंगे और उन्हें न्याय के कटघरे में लाएंगे।

शाह ने कहा, '' मैं तृणमूल के गुंडों को सलाह देता हूं कि वे 23 अप्रैल (मतदान के पहले चरण) को अपने घरों में ही रहें, अन्यथा हम उन्हें चार मई को एक-एक करके उठाएंगे और जेल में डाल देंगे।'' बीरभूम में पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को होगा। दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा और मतगणना चार मई को होगी। अपनी पार्टी के चुनाव घोषणापत्र का जिक्र करते हुए शाह ने कहा, "सत्ता में आने के बाद भाजपा बंगाल में निवेश को बढ़ावा देने के लिए पांच औद्योगिक संपदाएं बनाएगी।"
शाह ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी राज्य के बहुसंख्यक समुदाय को डराने की कोशिश कर रही हैं और कहा कि यह चुनाव राज्य और देश से घुसपैठियों को बाहर निकालने का है। शाह ने प्रश्नात्मक लहजे में कहा, ''दीदी, हम यहां सदियों से रह रहे हैं। हमें धमकाने वाली आप कौन हैं?'' शाह ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में मुर्शिदाबाद में दंगे हुए, राम नवमी शोभायात्रा पर हमले किए गए और कुछ स्थानों पर सरस्वती पूजा की अनुमति नहीं दी गई।
कांग्रेस और तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी पर 550 वर्षों तक राम लला को तम्बू में रखने का समर्थन करने का आरोप लगाते हुए शाह ने कहा कि ''प्रधानमंत्री मोदी ने अयोध्या में राम मंदिर बनवाया"। शाह ने कहा, ''हुमायूं कबीर ममता बनर्जी का मोहरा है। वह बंगाल में बाबरी मस्जिद बनवाना चाहते हैं, लेकिन भाजपा यह कभी होने नहीं देगी।'' केंद्रीय गृह मंत्री ने अवैध प्रवास के मुद्दे पर ममता बनर्जी सरकार पर निशाना साधते हुए पूछा, '' क्या मुख्यमंत्री या उनके भतीजे (अभिषेक बनर्जी) घुसपैठियों को बाहर निकाल सकते हैं? उन्होंने तो सीमा पर तारबंदी के लिए जमीन तक आवंटित नहीं की।''

पश्चिम बर्धमान के रानीगंज में एक रैली को संबोधित करते हुए शाह ने कहा, '' ममता बनर्जी सीमा पर बाड़ लगाने के लिए जमीन नहीं दे रही हैं, बल्कि बंगाल में घुसपैठ के लिए बीएसएफ को दोषी ठहरा रही हैं।" शाह ने कहा कि भाजपा पश्चिम बंगाल में सत्ता संभालने के 45 दिनों के भीतर बांग्लादेश के साथ भारत की सीमाओं पर बाड़ लगाने के लिए भूमि आवंटन का काम पूरा कर लेगी। उन्होंने कहा, ''सिर्फ बंगाल से ही नहीं, हम पूरे देश से एक-एक करके घुसपैठियों को पकड़ेंगे और उन्हें बाहर निकालेंगे।''
उन्होंने कहा, '' ममता बनर्जी की तृणमूल के समर्थन वाली मनमोहन सिंह सरकार ने पाकिस्तानी आतंकवाद के खिलाफ कभी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इसके बजाय उन्होंने आतंकवादियों को बिरयानी खिलाई।'' केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि दूसरी ओर पहलगाम हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर का आदेश दिया और पाकिस्तान को वहीं चोट पहुंचाई जहां उसे सबसे ज्यादा दर्द हुआ। उन्होंने कहा, ''मोदी सरकार ने देश में नक्सलवाद को कुचल दिया है, अब घुसपैठियों को बाहर निकालने का समय आ गया है।'' शाह ने राज्य में समान नागरिक संहिता लागू करने के अपने दल के संकल्प को दोहराया। शाह ने राज्य की महिलाओं को यह भरोसा दिलाया कि अगर यहां भाजपा सत्ता में आती है तो वे दिन-रात अपने काम स्वतंत्र रूप से कर सकेंगी।