फडणवीस और अजित पवार का इस्तीफा पीएम मोदी और अमित शाह के लिए बड़ा झटका: कांग्रेस

Edited By Updated: 26 Nov, 2019 08:30 PM

fadnavis ajit pawar s resignation a big blow to pm modi and amit shah congress

महाराष्ट्र में देवेंद्र फडणवीस के मुख्यमंत्री और अजित पवार के उप मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद कांग्रेस ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर तीखा हमला बोला और कहा कि यह घटनाक्रम दोंनों...

नई दिल्लीः महाराष्ट्र में देवेंद्र फडणवीस के मुख्यमंत्री और अजित पवार के उप मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद कांग्रेस ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर तीखा हमला बोला और कहा कि यह घटनाक्रम दोंनों के लिए बड़ा झटका है।
PunjabKesari
पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने मीडिया से कहा कि राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी फडणवीस का इस्तीफा स्वीकार करें और शिवसेना-कांग्रेस-राकांपा गठबंधन को सरकार बनाने के लिए जल्द आमंत्रित करें। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने एक बयान में कहा, ‘‘ संविधान दिवस पर संविधान के मूल्यों और लोकतंत्र की जीत हुई है। यह भारतीय संविधान एवं लोकतंत्र के इतिहास में बड़ा दिन है।''
PunjabKesari
उन्होंने दावा किया, ‘‘आज का फैसला भाजपा के चेहरे पर जोरदार तमाचा है। उच्चतम न्यायालय के फैसले के बाद स्पष्ट हो गया कि भाजपा का खेल पूरा हो गया है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के लिए बड़ा झटका है।'' वेणुगोपाल ने कहा,‘‘ यह बहुत शर्मनाक है कि प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा नेताओं ने अपनी सस्ती राजनीति के लिए राष्ट्रपति और राज्यपाल के कार्यालय का इस्तेमाल किया।'' पार्टी प्रवक्ता मनीष तिवारी ने पत्रकारों से कहा, ‘‘अवैध तरीके से मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री बने लोगों ने इस्तीफा दे दिया है। हमें उम्मीद है कि राज्यपाल अपने पद का दायित्व निभाएंगे। वह महाराष्ट्र विकास अघाड़ी को सरकार बनने का न्यौता दें।''
PunjabKesari
उन्होंने राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी पर भी निशाना साधा और कहा, ‘‘अगर वह अपनी भूमिका पर विचार करते हैं तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए, लेकिन मुझे पता है वह ऐसा नहीं करेंगे।'' इससे पहले पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट कर कहा, ‘‘जनमत को अगवा करने वालों के अल्पमत की पोल खुल ही गई। अब साफ है कि भाजपा में चाणक्यनीति के मायने प्रजातंत्र का अपहरण है।" उन्होंने कहा," देवेंद्र फडणवीस व अजित पवार को महाराष्ट्र की जनता से माफ़ी मांगनी चाहिए। उनकी सरकार झूठ व दलबदल पर आधारित थी जो ताश के पत्तों सी गिर गई।"
PunjabKesari
सुरजेवाला ने कहा, आज का दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृह मंत्री अमित शाह की जबावदेही भी सुनिश्चित करने का है।" उन्होंने सवाल किया, ‘‘महाराष्ट्र में प्रजातंत्र का तमाशा क्यों बनाया? राज्यपाल को कठपुतली की तरह इस्तेमाल क्यों किया? राष्ट्रपति की गरिमा को ठेस क्यों पहुंचाई?'' कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘नरेंद्र मोदी व अमित शाह जबाब दें कि देश के मंत्रिमंडल को पंगु क्यों बनाया? दलबदल और खरीद फरोख्त का नंगा तांडव क्यों? एक अल्पमत की सरकार बनाकर इतने दिन तक बहुमत का ड्रामा क्यों? भ्रष्टाचार के मुक़दमे वापस क्यों लिए? संविधान की धज्जियां क्यों उड़ाईं?''

 

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!