Edited By Anu Malhotra,Updated: 10 Apr, 2026 12:41 PM

अगर आप आज अपनी गाड़ी लेकर नेशनल हाईवे (National Highway) पर निकलने की सोच रहे हैं, तो रुकिए! अपनी जेब नहीं, बल्कि अपना FASTag और UPI बैलेंस चेक कर लीजिए। आज से देशभर के टोल प्लाजा पर नकद (Cash) लेन-देन का सिस्टम पूरी तरह खत्म कर दिया गया है। डिजिटल...
नई दिल्ली: आज 10 अप्रैल से देशभर के टोल प्लाजा पर नकद (Cash) लेन-देन का सिस्टम पूरी तरह खत्म कर दिया गया है। डिजिटल इंडिया की दिशा में NHAI ने यह बड़ा कदम उठाया है। टोल प्लाजा पर अब कोई भी कर्मचारी आपसे कैश नहीं लेगा। मैनुअल पर्ची काटने वाले काउंटर अब बंद हो चुके हैं। राजपत्र अधिसूचना (Gazette Notification) के अनुसार, अब देश के सभी नेशनल हाईवे पर टोल का भुगतान केवल डिजिटल माध्यम से ही होगा।
क्या है नया नियम?
सरकार का लक्ष्य हाईवे पर लगने वाले लंबे जाम को खत्म करना और यात्रा को तेज बनाना है। अब तक टोल पर कुछ लेन में कैश लिया जाता था, लेकिन अब वह सुविधा खत्म हो गई है।
FASTag है जरूरी: टोल देने का सबसे मुख्य तरीका अब FASTag ही होगा।
UPI पर लगेगा भारी चार्ज: यदि आपके वाहन पर FASTag नहीं लगा है या वह काम नहीं कर रहा है, तो आप UPI के जरिए भुगतान तो कर पाएंगे, लेकिन आपको 1.25 गुना ज्यादा टोल देना होगा।
उदाहरण के लिए: अगर किसी टोल की कीमत ₹100 है, तो बिना FASTag वाले वाहन को UPI से ₹125 चुकाने होंगे। यह 25% का अतिरिक्त चार्ज इसलिए लगाया गया है ताकि लोग जल्द से जल्द FASTag अपनाएं।
आम जनता को क्या होगा फायदा?
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों का मानना है कि इस कदम से कई बड़े बदलाव आएंगे:
- टोल प्लाजा पर अब वाहनों को रुकना नहीं पड़ेगा, जिससे लंबी कतारें खत्म होंगी।
- बार-बार रुकने और इंजन चालू रखने से होने वाली ईंधन की बर्बादी कम होगी।
- सभी लेनदेन डिजिटल होने से पैसे की हेराफेरी की गुंजाइश खत्म हो जाएगी।
- वाहनों के कम खड़े रहने से प्रदूषण (Emissions) के स्तर में भी गिरावट आएगी।
रोजाना सफर करने वाले ध्यान दें
जो लोग हर दिन हाईवे का इस्तेमाल करते हैं, उनके पास पहले से ही FASTag है, इसलिए उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है। लेकिन जो लोग कभी-कभार यात्रा करते हैं या पुराने ढंग से कैश लेकर चलते हैं, उन्हें अब अपना FASTag तुरंत रिचार्ज या एक्टिवेट करवा लेना चाहिए। अब UPI केवल एक 'विकल्प' के रूप में रहेगा, जो आपकी जेब पर भारी पड़ेगा।