Edited By Tanuja,Updated: 11 Mar, 2026 12:17 PM

अमेरिका में पत्नी की हत्या के आरोपी भारतीय नागरिक भद्रेशकुमार पटेल पर एफबीआई ने इनाम बढ़ाकर 10 लाख डॉलर कर दिया है। वह 2015 में मैरीलैंड में पत्नी पलक पटेल की हत्या के बाद फरार हो गया था। आरोपी एफबीआई की “10 मोस्ट वांटेड” सूची में शामिल है।
New York: अमेरिका में पत्नी की हत्या के आरोप में फरार एक भारतीय नागरिक की तलाश तेज करते हुए फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (Federal Bureau of Investigation (FBI) ने सूचना देने वाले के लिए इनाम बढ़ाकर 10 लाख अमेरिकी डॉलर कर दिया है।एफबीआई के अनुसार भद्रेश कुमार चेतनभाई पटेल (Bhadreshkumar Chetanbhai Patel) (35) पर आरोप है कि उसने 12 अप्रैल 2015 को Hanover, Maryland, USA में अपनी पत्नी Palak Patel (21) की चाकू से कई बार वार कर हत्या कर दी थी।यह घटना उस दुकान में हुई थी जहां दोनों काम करते थे।जांच एजेंसियों के मुताबिक, देर रात दुकान के पीछे बने कमरे में आरोपी ने अपनी पत्नी पर कई बार चाकू से हमला किया। वारदात के बाद वह दुकान के पिछले दरवाजे से भाग निकला।
जांचकर्ताओं का मानना है कि आरोपी को आखिरी बार Newark, New Jersey, USA इलाके में देखा गया था। इसके बाद से वह लगातार फरार है। भद्रेशकुमार पटेल का नाम एफबीआई की “10 सर्वाधिक वांछित अपराधियों” की सूची में भी शामिल है। एफबीआई ने मंगलवार को घोषणा की कि आरोपी की गिरफ्तारी में मदद करने वाले को अब 10 लाख डॉलर का इनाम दिया जाएगा।शुरुआत में एजेंसी ने इस मामले में सूचना देने पर 1 लाख डॉलर का इनाम घोषित किया था। बाद में इसे बढ़ाकर 2.5 लाख डॉलर कर दिया गया था, और अब इसे बढ़ाकर 10 लाख डॉलर कर दिया गया है। एफबीआई का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी तलाश जारी है।