Edited By Sahil Kumar,Updated: 12 Mar, 2026 12:31 PM

वैश्विक बाजार में कमजोरी और डॉलर की मजबूती के चलते गुरुवार को सोना और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। एमसीएक्स पर सोना 316 रुपये गिरकर 1,61,473 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जबकि चांदी 1,991 रुपये टूटकर 2,66,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर...
नेशनल डेस्कः गुरुवार को सोना और चांदी की कीमतों में लगातार दूसरे दिन गिरावट दर्ज की गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कमजोरी, डॉलर की मजबूती और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के कारण कीमती धातुओं पर दबाव बना हुआ है। इसका असर वैश्विक बाजार के साथ-साथ भारतीय बाजार में भी देखने को मिला।
सोना-चांदी में गिरावट
घरेलू वायदा बाजार एमसीएक्स (MCX) में गुरुवार को कारोबार की शुरुआत में हल्की तेजी दिखी। अप्रैल डिलीवरी वाला सोना शुरुआती कारोबार में 0.62 प्रतिशत बढ़कर 1,62,799 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला। वहीं मई डिलीवरी की चांदी 0.26 प्रतिशत की बढ़त के साथ 2,69,212 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। हालांकि बाद में बिकवाली बढ़ने से दोनों धातुओं की कीमतों में गिरावट आ गई। बाद के कारोबार में एमसीएक्स पर सोना 316 रुपये यानी 0.20 प्रतिशत गिरकर 1,61,473 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। वहीं चांदी की कीमत 1,991 रुपये या 0.74 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,66,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड करती दिखाई दी।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना-चांदी
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने-चांदी की कीमतों पर दबाव बना रहा। स्पॉट गोल्ड करीब 1.59 प्रतिशत टूटकर 5,149.98 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। इसके अलावा अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स (अप्रैल डिलीवरी) भी 0.2 प्रतिशत की गिरावट के साथ 5,171.40 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर कारोबार करते नजर आए। चांदी की कीमतों में भी तेज गिरावट दर्ज की गई और यह करीब 5.12 प्रतिशत फिसलकर 84.78 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।
रिटेल बाजार की बात करें तो बुलियन वेबसाइट के अनुसार 12 मार्च को 24 कैरेट सोने की कीमत लगभग 1,63,520 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई, जिसमें करीब 910 रुपये की तेजी देखी गई। वहीं चांदी की कीमत करीब 2,410 रुपये गिरकर 2,67,160 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर कारोबार करती दिखाई दी