Edited By Sahil Kumar,Updated: 10 Mar, 2026 05:41 PM

मध्यपूर्व में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के चलते सोना और चांदी के दामों में तेज उछाल आया है। MCX पर 1 किलो चांदी 9,210 रुपये महंगी होकर 2,76,370 रुपये पर पहुंच गई, जबकि 10 ग्राम सोना 2,089 रुपये बढ़कर 1,62,388 रुपये पर कारोबार कर रहा...
नेशनल डेस्कः मध्यपूर्व में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच बढ़ती सैन्य तनाव की वजह से ग्लोबल मार्केट में हलचल तेज हो गई है। इस उथल-पुथल का असर न सिर्फ शेयर बाजारों पर पड़ा है बल्कि कमोडिटी मार्केट में भी सोना और चांदी की कीमतों में अचानक तेजी देखने को मिली। मंगलवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर दोनों कीमती धातुओं के दाम में भारी उछाल आया।
चांदी के दाम में भारी तेजी
MCX पर मंगलवार को चांदी का भाव तेजी से बढ़ा। 5 मई की एक्सपायरी वाली 1 किलो चांदी सोमवार को 2,67,160 रुपये पर बंद हुई थी, वहीं मंगलवार को यह 2,76,370 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई। इसका मतलब है कि चांदी के दाम में एक ही दिन में 9,210 रुपये प्रति किलो का जोरदार उछाल आया।
हालांकि, इस बढ़त के बावजूद चांदी अपने रिकॉर्ड हाई से अभी भी काफी कम कीमत पर है। 29 जनवरी को चांदी ने MCX पर इतिहास रचते हुए 4,20,048 रुपये प्रति किलो का उच्चतम स्तर छुआ था। वर्तमान भाव से देखें तो यह अभी भी लगभग 1,43,678 रुपये प्रति किलो सस्ती मिल रही है।
सोने में भी आई तेजी
सिर्फ चांदी ही नहीं, सोने की कीमतों में भी मंगलवार को तेजी देखने को मिली। 2 अप्रैल की एक्सपायरी वाला 10 ग्राम 24 कैरेट सोना सोमवार के बंद भाव 1,60,299 रुपये की तुलना में 1,62,388 रुपये पर कारोबार कर रहा था। इसका मतलब है कि सोने में एक दिन में 2,089 रुपये प्रति 10 ग्राम का उछाल आया।
हालांकि, सोना भी अपने हाई से अभी काफी पीछे है। 29 जनवरी को सोने ने 1,93,096 रुपये प्रति 10 ग्राम का रिकॉर्ड स्थापित किया था। वर्तमान भाव से देखें तो यह अपने हाई लेवल से 30,708 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता है।
घरेलू मार्केट में भी देखा असर
देशी बाजार में भी सोना-चांदी की कीमतों में बढ़ोतरी रही। इंडियन बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, सोमवार की शाम 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 1,58,674 रुपये पर बंद हुआ था, जबकि मंगलवार को खुलते ही यह 1,60,436 रुपये तक पहुंच गया। चांदी 2,60,056 रुपये से बढ़कर 2,72,830 रुपये प्रति किलो पर खुली। ध्यान रहे कि IBJA की वेबसाइट पर दिए गए रेट में GST और मेकिंग चार्ज शामिल नहीं होते, जो जोड़ने पर दाम और बढ़ जाते हैं।