Edited By Anu Malhotra,Updated: 14 May, 2026 01:50 PM

Snake in AC: गुजरात के वलसाड जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए एक परिवार ने जैसे ही अपने घर का एयर कंडीशनर चालू किया, अचानक एसी यूनिट के अंदर हलचल दिखाई देने लगी। पहले तो परिवार को लगा कि कोई तकनीकी खराबी है
Snake in AC: गुजरात के वलसाड जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए एक परिवार ने जैसे ही अपने घर का एयर कंडीशनर चालू किया, अचानक एसी यूनिट के अंदर हलचल दिखाई देने लगी। पहले तो परिवार को लगा कि कोई तकनीकी खराबी है, लेकिन कुछ ही सेकंड में एसी के अंदर से जहरीले सांप नजर आने लगे। यह नजारा देखकर घर में मौजूद महिलाएं और बच्चे डर गए और पूरे घर में हड़कंप मच गया।
यह घटना वलसाड जिले के पारडी इलाके के पो रेलवे इलाके की बताई जा रही है। परिवार ने समझदारी दिखाते हुए तुरंत एसी बंद किया और सभी लोग कमरे से बाहर निकल गए। बाद में स्थानीय स्नेक रेस्क्यू टीम और जीवदया संस्था को इसकी जानकारी दी गई।
रेस्क्यू टीम ने निकाले तीन सांप
मौके पर पहुंची स्नेक कैचर टीम ने काफी सावधानी के साथ एसी यूनिट की जांच की। जांच के दौरान एसी के अंदर से एक नहीं बल्कि तीन सांप निकले। रेस्क्यू टीम के सदस्य भी यह देखकर हैरान रह गए कि इतने सांप एक छोटे से एसी यूनिट में कैसे छिपे हुए थे।
बताया जा रहा है कि सांप एसी के ड्रेन पाइप या दीवार की किसी छोटी दरार के जरिए अंदर पहुंचे होंगे। फिलहाल सभी सांपों को सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ दिया गया है। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
गर्मी में बढ़ जाता है ऐसा खतरा
विशेषज्ञों का कहना है कि तेज गर्मी के दौरान सांप अक्सर ठंडी और नमी वाली जगहों की तलाश करते हैं। एयर कंडीशनर की बाहरी यूनिट और ड्रेनेज पाइप उनके छिपने के लिए सुरक्षित जगह बन सकती है। खासतौर पर लंबे समय तक बंद पड़े एसी में इस तरह का खतरा बढ़ जाता है।
इन बातों का रखें ध्यान
-समय-समय पर एसी की सर्विसिंग कराएं
-ड्रेन पाइप पर जाली लगवाएं
-घर के आसपास गंदगी और झाड़ियां न जमा होने दें
-लंबे समय बाद एसी चलाने से पहले उसकी अच्छी तरह जांच करें
-किसी भी तरह की हलचल दिखे तो तुरंत विशेषज्ञ को बुलाएं