Edited By Parveen Kumar,Updated: 27 Jul, 2026 08:17 PM

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों में मानसून की सक्रियता तेज होने की संभावना है, जिसमें कई जिलों में भारी बारिश, आंधी-तूफान एवं बिजली गिरने की संभावना है एवं अधिकतम तापमान में 4-6 डिग्री सेल्सियस की...
नेशनल डेस्क : भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों में मानसून की सक्रियता तेज होने की संभावना है, जिसमें कई जिलों में भारी बारिश, आंधी-तूफान एवं बिजली गिरने की संभावना है एवं अधिकतम तापमान में 4-6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (लखनऊ) के अनुसार आज पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकतर स्थानों और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई स्थानों पर गरज के साथ बारिश होने की संभावना है जबकि, मंगलवार और बुधवार को यह गतिविधि और अधिक व्यापक होने की उम्मीद है। उसने कहा कि मानसून की सक्रियता बढ़ने से अगले दो से तीन दिनों में उमस भरे मौसम से राहत मिलने की संभावना है। आईएमडी ने 30 जुलाई तक राज्य में अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने के साथ आंधी-तूफान चलने की चेतावनी दी है।
सोमवार को कई जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है तथा मंगलवार और बुधवार को राज्य के कुछ हिस्सों में ऐसा ही रह सकता है। सोमवार को प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्ज़ापुर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराईच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, बाराबांकी, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं समेत कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है।
मंगलवार को सोनभद्र, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, मिर्ज़ापुर, चंदौली, लखीमपुर खीरी, शामली, मेरठ, अमरोहा, पीलीभीत, शाहजहाँपुर, संभल, बदांयू, हमीरपुर, महोबा और झांसी समेत कई जिलों में भारी बारिश की भी संभावना है। मौसम कार्यालय ने संवेदनशील क्षेत्रों में बिजली गिरने, तूफान और भारी बारिश की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। तीव्र बारिश वाले स्थानों पर स्थानीय जल-जमाव और सामान्य जीवन में व्यवधान उत्पन्न हो सकता है।