Edited By Parveen Kumar,Updated: 25 Jun, 2026 08:23 PM
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों में अगले 3 से 4 दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। राजधानी दिल्ली समेत करीब 17 राज्यों में आज बारिश, आंधी और तेज हवाओं को लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। कुछ क्षेत्रों में हवा...
नेशनल डेस्क : भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों में अगले 3 से 4 दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। राजधानी दिल्ली समेत करीब 17 राज्यों में आज बारिश, आंधी और तेज हवाओं को लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। कुछ क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में प्री-मानसून गतिविधियां जारी हैं। पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन और पूर्वी भारत में बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है। ऐसे में लोगों और पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
इन राज्यों में भारी बारिश की संभावना
आज दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, मेघालय, केरल, कर्नाटक के तटीय क्षेत्रों और गोवा में भारी बारिश हो सकती है।
महाराष्ट्र के 7 शहरों में रेड अलर्ट
IMD ने महाराष्ट्र के मुंबई, पालघर, नागपुर, चंद्रपुर, गढ़चिरौली, अकोला और वर्धा में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। मुंबई और पालघर में बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने जलभराव, ट्रैफिक जाम और समुद्र में ऊंची लहरों की आशंका को देखते हुए लोगों को समुद्र तटों से दूर रहने और सावधानी बरतने की सलाह दी है।
दिल्ली-NCR में बदलेगा मौसम
दिल्ली-NCR में अगले 48 घंटों के दौरान मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश की संभावना है। हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। हालांकि दिन में गर्मी और उमस बनी रह सकती है, लेकिन सुबह और शाम के समय बारिश से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
कई राज्यों में गर्मी और लू का असर
मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और बिहार के कई इलाकों में अभी भी भीषण गर्मी पड़ रही है। हाल ही में उत्तर प्रदेश के बांदा में अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के नागपुर-अमरावती क्षेत्र में हीटवेव की चेतावनी जारी की है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक लू चलने की संभावना है।
अगले दो दिनों का मौसम
26 जून को असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, कोंकण, गोवा, तेलंगाना, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, मराठवाड़ा, झारखंड और ओडिशा में भारी बारिश हो सकती है। 27 जून को असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में तेज बारिश की संभावना है। वहीं कोंकण, गोवा, तेलंगाना और कर्नाटक के तटीय इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। आंध्र प्रदेश, झारखंड और ओडिशा में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।