Edited By Rohini Oberoi,Updated: 18 Jun, 2026 10:39 AM

भारत के मौसम में इस समय एक साथ कई बदलाव देखने को मिल रहे हैं। दक्षिण से लेकर उत्तर भारत तक बादलों का डेरा है और कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग (IMD) के ताजा अनुमान के मुताबिक देश के अलग-अलग हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक कहीं हल्की...
IMD Rain Alert : भारत के मौसम में इस समय एक साथ कई बदलाव देखने को मिल रहे हैं। दक्षिण से लेकर उत्तर भारत तक बादलों का डेरा है और कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग (IMD) के ताजा अनुमान के मुताबिक देश के अलग-अलग हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक कहीं हल्की से मध्यम तो कहीं भारी बारिश की स्थिति बनी रहेगी। राहत की बात यह है कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अब और तेजी से आगे बढ़ने के लिए पूरी तरह तैयार है जिससे जल्द ही कई और राज्यों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।
मौसम प्रणाली (Weather System) के लगातार सक्रिय रहने के कारण हवा में नमी बनी हुई है। केरल और तमिलनाडु, इन दोनों दक्षिणी राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ चुनिंदा इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इसके साथ ही अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह, राजस्थान और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भी लगातार बारिश का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है। वहीं मध्य प्रदेश, दक्षिण छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, गुजरात, विदर्भ (महाराष्ट्र) के साथ-साथ कोंकण और गोवा में भी अलग-अलग स्थानों पर हल्की बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है।

अगले 4 से 5 दिनों में इन राज्यों में मॉनसून की एंट्री
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मॉनसून (South-West Monsoon) के आगे बढ़ने के लिए इस समय परिस्थितियां बेहद अनुकूल हैं। अगले 4 से 5 दिनों के भीतर मॉनसून के तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के बचे हुए कुछ और हिस्सों में दस्तक देने की पूरी संभावना है। इसका सीधा मतलब यह है कि आने वाले दिनों में देश के एक बहुत बड़े हिस्से में मॉनसून की बारिश का दायरा और तेजी से फैलने वाला है।

उत्तर भारत में मौसम का हाल
उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में भी मौसम करवट ले रहा है। दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। इन राज्यों के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है।

वहीं मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आज से उत्तर-पश्चिम भारत के पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों के पास एक नया पश्चिमी विक्षोभ पहुंच रहा है। इसके सक्रिय होने से आने वाले दिनों में उत्तर भारत के मौसम में और ज्यादा बदलाव देखने को मिल सकता है। पहाड़ों पर बर्फबारी/बारिश और मैदानों में ठंडी हवाएं चलने की उम्मीद है।