Edited By Ramkesh,Updated: 29 Jun, 2026 01:24 PM

अरुणाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते लोअर सियांग जिले में बड़ा भूस्खलन हुआ है। इस हादसे में एक बाइकर मलबे के साथ पहाड़ी से नीचे जा गिरा। भूस्खलन इतना भीषण था कि सिजी नदी का बहाव भी प्रभावित हो गया। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, हादसे...
नेशनल डेस्क: अरुणाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते लोअर सियांग जिले में बड़ा भूस्खलन हुआ है। इस हादसे में एक बाइकर मलबे के साथ पहाड़ी से नीचे जा गिरा। भूस्खलन इतना भीषण था कि सिजी नदी का बहाव भी प्रभावित हो गया। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, हादसे के बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। शुरुआती जानकारी में बताया गया है कि बाइकर की जान बच गई है, हालांकि उसकी चोटों की गंभीरता को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
लगातार बारिश के कारण इलाके में हालात गंभीर बने हुए हैं। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में भारी बारिश के चलते नए भूस्खलन और अचानक बाढ़ का खतरा बना हुआ है। मौसम विभाग भी राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जता चुका है, जिसके बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ के बाद तलाशी एवं बचाव अभियान में पापुम पारे जिले में एक और शव मिलने के साथ ही मरने वालों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। राज्य के कई अन्य हिस्सों में भी लगातार बारिश के कारण बाढ़ और भूस्खलन की खबरें हैं, जिससे घर जलमग्न हो गए हैं और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है। स्थानीय प्रशासन ने बचाव और निकासी अभियान शुरू किया है। अधिकारियों ने कहा कि दस जिले - केई पन्योर, पापुम पारे, क्रा दादी, कुरुंग कुमेय, लोअर सुबनसिरी, कामले, ऊपरी सुबनसिरी, पूर्वी सियांग, लेपाराडा और निचला सियांग - बारिश से प्रभावित हुए हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने सोमवार सुबह तक अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में 200 मिलीमीटर से अधिक वर्षा होने की संभावना जताई है। इसके मद्देनजर राज्य सरकार ने अलर्ट जारी कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव दानी सुलु ने बताया कि सौरभ कुमार खारवार का शव केयी पान्योर जिले के बाढ़ प्रभावित पूसा क्षेत्र से लगभग 35 किलोमीटर दूर हवा कैंप के पास मिला।
शव को वापस लाने के लिए एक बचाव दल रवाना किया गया है। बुधवार सुबह लगातार बारिश के कारण केयी पैन्योर ज़िले में अचानक आई बाढ़ (फ़्लैश फ़्लड) की चपेट में आने से पांच लोग लापता हो गए थे। एक और शव मिलने के साथ ही अब तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है जबकि दो अन्य लापता हैं। बुधवार को 35 वर्षीय एक महिला का शव बरामद किया गया था जबकि शनिवार को एक अन्य महिला का शव मिला था। रविवार को तलाशी अभियान को पांच दिन हो गए। अधिकारियों ने बताया कि जारी तलाशी एवं बचाव अभियान को और मज़बूत करने के लिए रविवार को राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के 23 और जवान केयी पन्योर ज़िले के लिए रवाना हुए।