Edited By Rohini Oberoi,Updated: 06 May, 2026 12:14 PM
भारत के इतिहास में छह मई का दिन आतंक के एक खौफनाक अध्याय से जुड़ा है। मुंबई में 26 नवंबर, 2008 को हमला करने वाले आतंकवादियों में से जिंदा पकड़े गए एकमात्र आतंकवादी अजमल कसाब को छह मई को ही फांसी की सजा सुनाई गई थी। देश की वित्तीय राजधानी मुंबई में...
May 6 History India : भारत के इतिहास में छह मई का दिन आतंक के एक खौफनाक अध्याय से जुड़ा है। मुंबई में 26 नवंबर, 2008 को हमला करने वाले आतंकवादियों में से जिंदा पकड़े गए एकमात्र आतंकवादी अजमल कसाब को छह मई को ही फांसी की सजा सुनाई गई थी। देश की वित्तीय राजधानी मुंबई में 26 नवंबर 2008 को दस आतंकवादियों ने घातक हमला किया था।
सुरक्षा बलों ने नौ आतंकवादियों को मार गिराया जबकि अजमल कसाब को जिंदा पकड़ने में सफलता मिली। हमले में 166 लोग मारे गए थे और सैकड़ों अन्य घायल हुए। कसाब को छह मई, 2010 को विशेष अदालत ने मौत की सजा सुनाई थी। छह मई 2023 को लंदन के वेस्टमिंस्टर एबे में एक भव्य समारोह को बहु-धार्मिक स्वरूप देते हुए पारंपरिक रस्म के साथ चार्ल्स तृतीय का ब्रिटेन के 40वें महाराजा के रूप में आधिकारिक राज्याभिषेक किया गया।
चार्ल्स की ताजपोशी के दौरान उपयोग में लाये गये राज सिंहासन को महाराजा जॉर्ज षष्ठम और महारानी एलिजाबेथ के राज्याभिषेक के लिए मई 1937 में निर्मित किया गया था। वेस्टमिंस्टर एबे 1066 में विलियम प्रथम के समय से प्रत्येक ब्रिटिश राज्याभिषेक का गवाह रहा है। चार्ल्स तृतीय और उनकी पत्नी कैमिला ने इसी परंपरा का अनुसरण किया।
यह भी पढ़ें: अगले 48 घंटे भारी: दिल्ली समेत इन 11 राज्यों में आंधी-तूफान और ओलावृष्टि मचाएंगे तांडव, भारी बारिश की भी चेतावनी जारी
देश दुनिया के इतिहास में छह मई की तारीख पर दर्ज महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार हैं:-
1529 : बंगाल के अफगान शासक नसरत शाह को गोगरा नदी के किनारे हुई लड़ाई में बाबर के हाथों हार का मुंह देखना पड़ा।
1589 : महान गायक मियां तानसेन का निधन।
1840 : दुनिया की पहली गोंद लगी डाक टिकट 'पेनी ब्लैक' का ग्रेट ब्रिटेन में इस्तेमाल हुआ।

1857 : ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी ने बंगाल नेटिव इंफैंटरी की 34वीं रेजिमेंट को भंग किया। रेजिमेंट के सिपाही मंगल पांडेय ने ब्रिटिश शासन के खिलाफ विद्रोह किया था।
1861 : मोतीलाल नेहरू का जन्म।

1910 : जॉर्ज पंचम, पिता एडवर्ड सप्तम की मृत्यु के बाद ब्रिटेन के सम्राट बने।
1940 : जॉन स्टेनबेक को उनके उपन्यास 'द ग्रेप्स ऑफ रैथ' के लिए पुलित्जर पुरस्कार मिला।
1942 : फिलीपीन में अमेरिकी सेना की अंतिम टुकड़ी ने जापान के समक्ष समर्पण किया।

1944 : महात्मा गांधी को पुणे के आगा खां पैलेस से रिहा किया गया और यह उनके जीवन की अंतिम जेल यात्रा थी।
1960 : ब्रिटेन की महारानी की छोटी बहन राजकुमारी मार्गरेट और एंथनी आर्मस्ट्रांग जोन्स का विवाह। लंदन के वेस्टमिन्स्टर एबे में संपन्न इस विवाह समारोह को करीब दो करोड़ लोगों ने टेलीविजन पर देखा।
1976 : उत्तर पूर्वी इटली में भीषण भूकंप से कम से कम 1000 लोगों की मौत। भूकंप के झटके तीन बार महसूस किए गए। इनमें सबसे ताकतवर भूकंप 6.5 तीव्रता का था।

2010 : मुंबई पर हमला करने वाले आतंकवादियों में से जिंदा पकड़े गए एकमात्र आतंकवादी अजमल कसाब को फांसी की सजा सुनाई गई।
2018 : 'दिल भी तेरा हम भी तेरे', 'कब? क्यों? और कहां?', 'कहानी किस्मत की', 'खेल खिलाड़ियों का' और 'कातिलों के कातिल' फिल्मों के निर्माता निर्देशक अर्जुन हिंगोरानी का 92 वर्ष की उम्र में निधन। इसी दिन पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में गैस विस्फोट के बाद कोयले की दो खदानें धंसने से 23 लोगों की मौत हो गयी।
यह भी पढ़ें: ब्रेकअप के बाद गर्लफ्रेंड का AI अवतार, चर्चा में आया चीन का ये अजीबोगरीब Trend, जानें कैसे तैयार होता है Digital Ex?
2019 : मॉस्को हवाई अड्डे पर आपात स्थिति में उतरे एक यात्री विमान में आग लग गई जिससे 41 लोग मारे गए। नाइजर की राजधानी नियामे में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास टैंकर ट्रक में धमाका होने से 55 लोगों की मौत हो गई।
2022 : क्यूबा की राजधानी हवाना के मध्य में एक आलीशान होटल में हुए शक्तिशाली विस्फोट में 26 लोगों की मौत, दर्जनों अन्य घायल।

2023 : लंदन के वेस्टमिंस्टर एबे में एक भव्य समारोह को बहु-धार्मिक स्वरूप देते हुए पारंपरिक रस्म के साथ चार्ल्स तृतीय का ब्रिटेन के 40वें महाराजा के रूप में आधिकारिक राज्याभिषेक किया गया।
2025 : इंडोनेशिया में बस पलटने से 12 यात्रियों की मौत।