Edited By Rohini Oberoi,Updated: 18 Aug, 2026 10:01 AM

दिल्ली-NCR के लोग मॉनसून की भारी बारिश का इंतज़ार कर रहे हैं क्योंकि पिछले कुछ दिनों से राष्ट्रीय राजधानी में उमस बनी हुई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार मंगलवार को इलाके में आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे लेकिन अच्छी बारिश की...
नई दिल्ली : दिल्ली-NCR के लोग मॉनसून की भारी बारिश का इंतज़ार कर रहे हैं क्योंकि पिछले कुछ दिनों से राष्ट्रीय राजधानी में उमस बनी हुई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार मंगलवार को इलाके में आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे लेकिन अच्छी बारिश की संभावना कम है। मौसम विभाग ने 19 और 20 अगस्त को सुबह से दोपहर के बीच दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान लगाया है। हालांकि इस हफ्ते राष्ट्रीय राजधानी में भारी बारिश की संभावना कम है।
सोमवार को अच्छी बारिश न होने से लोग निराश हुए। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.3 डिग्री ज़्यादा था। अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा जो मौसमी औसत से 2 डिग्री ज़्यादा था।
ज़्यादा उमस ने परेशानी और बढ़ा दी। पिछले 24 घंटों के दौरान सापेक्ष आर्द्रता (humidity) 58% से 84% के बीच रही जिससे मौसम गर्म और उमस भरा महसूस हुआ। IMD ने कहा कि इस दौरान न्यूनतम या अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ।

मंगलवार के लिए IMD ने आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहने और बारिश की बहुत कम संभावना का अनुमान लगाया है। न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है जबकि अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। दिन भर उत्तर-पश्चिम दिशा से 10-15 किमी/घंटा की रफ़्तार से हवाएं चलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र में 1.25 लाख ऑटो-टैक्सी ड्राइवरों ने सीखा मराठी बोलना
सुबह से दोपहर तक शहर के कुछ हिस्सों में बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है। इस बीच IMD ने कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भारी बारिश के लिए अलर्ट जारी किया है। पूर्वानुमान के अनुसार कई इलाकों में तेज़ हवाओं के साथ भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 65 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है साथ ही आंधी-तूफान और बिजली गिरने की भी संभावना है।
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख, अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, त्रिपुरा, सिक्किम और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी है।

तेज़ बारिश की संभावना को देखते हुए कुछ पहाड़ी इलाकों के लिए भूस्खलन (लैंडस्लाइड) की चेतावनी भी जारी की गई है। अधिकारियों ने जोखिम वाले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है क्योंकि खराब मौसम सामान्य कामकाज पर असर डाल सकता है।
हवा में नमी के बावजूद दिल्ली की हवा की गुणवत्ता 'मॉडरेट' (सामान्य) श्रेणी में रही। मॉनिटरिंग स्टेशनों में सबसे ज़्यादा एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) वज़ीरपुर में 186 दर्ज किया गया इसके बाद CRRI मथुरा रोड पर 111, रोहिणी में 119, चांदनी चौक में 117 और आनंद विहार में 141 रहा।