Edited By Ramanjot,Updated: 27 Oct, 2026 05:21 PM

अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर, पुलिस ने BNS (भारतीय न्याय संहिता) की संबंधित धाराओं के तहत बलात्कार, गलत तरीके से कैद रखने और आपराधिक धमकी देने का मामला दर्ज किया है।
हैदराबाद: पुलिस ने मंगलवार को बताया कि म्यांमार की एक 18 वर्षीय महिला को उसके पति ने यहां एक किराए के मकान में बंद करके रखा था। आरोप है कि पिछले कुछ महीनों में पति के तीन दोस्तों ने कई बार महिला का यौन शोषण किया। महिला का पति और उसके तीनों दोस्त म्यांमार के नागरिक हैं और शहर के एक शरणार्थी शिविर (रिफ्यूजी कैंप) में रह रहे हैं।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि उसके पति ने उसे एक कमरे में बंद कर दिया और अपने तीन दोस्तों को अंदर भेज दिया, जिन्होंने उसका यौन शोषण किया। 23 अक्टूबर को मकान मालिक जब किराया लेने वहां पहुंचा, तो उसने महिला को एक कमरे में बंद पाया और दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला। इसके बाद महिला ने शरणार्थी शिविर में रह रहे अपने रिश्तेदारों से संपर्क किया और कंचनबाग पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।
आरोपियों की तलाश जारी
अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर, पुलिस ने BNS (भारतीय न्याय संहिता) की संबंधित धाराओं के तहत बलात्कार, गलत तरीके से कैद रखने और आपराधिक धमकी देने का मामला दर्ज किया है। मुख्य आरोपी इस साल मई में महिला को बांग्लादेश से हैदराबाद लाया था, उससे शादी की और उसे एक किराए के मकान के कमरे में बंद करके रखा। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। मामले की आगे की जांच चल रही है।