Edited By Parveen Kumar,Updated: 15 Feb, 2026 05:42 PM

क्रिकेट की दुनिया में जब भी सबसे बड़ी टक्कर की बात होती है तो नजरें अपने आप भारत और पाकिस्तान के मुकाबले पर टिक जाती हैं। यह सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि करोड़ों दिलों की धड़कनों से जुड़ा इवेंट होता है। मैदान पर खिलाड़ी होते हैं, लेकिन दबाव, इतिहास और...
नेशनल डेस्क : क्रिकेट की दुनिया में जब भी सबसे बड़ी टक्कर की बात होती है तो नजरें अपने आप भारत और पाकिस्तान के मुकाबले पर टिक जाती हैं। यह सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि करोड़ों दिलों की धड़कनों से जुड़ा इवेंट होता है। मैदान पर खिलाड़ी होते हैं, लेकिन दबाव, इतिहास और भावनाएं साथ-साथ खेलती हैं। एक बार फिर यही हाई-वोल्टेज माहौल ICC मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में देखने को मिलेगा, जहां दोनों टीमें आमने-सामने होंगी। मुकाबला शाम 7 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस 6:30 बजे होगा।
ग्रुप ए में शामिल दोनों टीमें शानदार फॉर्म में हैं। भारत ने अपने शुरुआती मुकाबलों में अमेरिका और नामीबिया को हराकर अंक तालिका में बढ़त बना ली है। पाकिस्तान ने भी जीत के साथ अभियान की शुरुआत की है। ऐसे में यह मुकाबला सिर्फ दो अंकों की जंग नहीं, बल्कि ग्रुप में शीर्ष स्थान की लड़ाई भी बन चुका है।
पाकिस्तान में इस मैच को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लगातार चर्चाएं हो रही हैं। गूगल ट्रेंड्स से लेकर एक्स और यूट्यूब तक, भारत-पाकिस्तान मुकाबला छाया हुआ है। दिलचस्प बात यह है कि चर्चा सिर्फ अपनी टीम तक सीमित नहीं है, बल्कि भारतीय खिलाड़ियों पर भी खास नजर रखी जा रही है।
सबसे ज्यादा सुर्खियों में युवा ओपनर अभिषेक शर्मा हैं। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और फिटनेस को लेकर पाकिस्तानी मीडिया और फैंस के बीच बहस छिड़ी हुई है। कुछ पूर्व क्रिकेटरों ने उनके खेल पर सवाल उठाए हैं, तो कई विश्लेषक उन्हें शाहीन अफरीदी के खिलाफ अहम चुनौती मान रहे हैं। कप्तान सूर्यकुमार यादव द्वारा उनके खेलने की पुष्टि के बाद चर्चा और तेज हो गई है।
हार्दिक पांड्या को पाकिस्तान में सबसे बड़े खतरे के रूप में देखा जा रहा है। बल्ले और गेंद दोनों से मैच का रुख बदलने की उनकी क्षमता चर्चा का मुख्य विषय बनी हुई है। बड़े मुकाबलों में उनके प्रदर्शन को देखते हुए कई विशेषज्ञ मानते हैं कि वे इस मैच में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं।
तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी पाकिस्तानी खेमे के लिए चिंता का कारण बने हुए हैं। खासकर डेथ ओवरों में उनकी सटीक गेंदबाजी और गति को लेकर काफी विश्लेषण हो रहा है। पाकिस्तानी बल्लेबाजों और बुमराह के बीच संभावित मुकाबले को लेकर भी चर्चा जोरों पर है।