Edited By Mehak,Updated: 04 Feb, 2026 01:45 PM

विश्व कैंसर दिवस के मौके पर पेट के कैंसर को लेकर जागरूकता बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया गया है। विशेषज्ञों और छह कैंसर सर्वाइवर्स के अनुभव बताते हैं कि लगातार पेट दर्द, सीने में जलन, जल्दी पेट भरना, वजन कम होना और थकान जैसे लक्षण गंभीर हो सकते हैं।...
नेशनल डेस्क : अक्सर पेट में दर्द, सीने में जलन, अपच या थकान को लोग सामान्य समस्या समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। ज्यादातर मामलों में यह ज्यादा खाने, एसिड रिफ्लक्स, तनाव या नींद की कमी की वजह से होता है। लेकिन कुछ मामलों में यही लक्षण पेट के कैंसर (गैस्ट्रिक कैंसर) की शुरुआती चेतावनी भी हो सकते हैं। सवाल यह है कि कैसे पहचानें कि दर्द सामान्य है या गंभीर?
अमेरिका के एक वरिष्ठ सर्जन और गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल कैंसर विशेषज्ञ के मुताबिक, पेट का कैंसर अक्सर शुरुआती चरण में कोई साफ लक्षण नहीं दिखाता। जब लक्षण नजर आते हैं, तब तक बीमारी काफी बढ़ चुकी होती है। यही कारण है कि लोग इसे साधारण अपच या रिफ्लक्स समझकर टाल देते हैं।
पेट के कैंसर के गंभीर चेतावनी संकेत
डॉक्टरों के अनुसार, इन लक्षणों को बिल्कुल नजरअंदाज नहीं करना चाहिए:
- बिना वजह तेजी से वजन कम होना
- थोड़ा खाने पर ही पेट भर जाना
- भूख न लगना
- खून की उल्टी (थोड़ी मात्रा भी गंभीर)
- काला या तार जैसा मल
- पेट के ऊपरी हिस्से में तेज और लगातार दर्द
- बार-बार उल्टी होना या खाना न पच पाना
अगर उल्टी में कई दिन पहले खाया हुआ खाना दिखे या कुछ भी पेट में न टिके, तो तुरंत अस्पताल जाना चाहिए।
कब सतर्क होना जरूरी है
डॉ. बताते हैं कि शरीर में होने वाला इनमें से कोई भी बदलाव अगर दो या तीन हफ्तों से ज्यादा समय तक बना रहे, तो उसकी जांच जरूर करानी चाहिए। लगातार दर्द, जलन या थकान को हल्के में लेना नुकसानदेह हो सकता है।
पेट के कैंसर के आम लक्षण (रिपोर्ट के अनुसार)
- खाना निगलने में परेशानी
- लगातार अपच
- पेट दर्द
- मतली या उल्टी
- एनीमिया के कारण थकान
- डार्क स्टूल
सामान्य पेट दर्द और कैंसर के दर्द में फर्क
सामान्य पेट दर्द अक्सर कुछ समय बाद अपने आप ठीक हो जाता है और इसका संबंध खाना, तनाव या हल्के संक्रमण से होता है। वहीं पेट के कैंसर का दर्द आमतौर पर पेट के ऊपरी हिस्से में लगातार बना रहता है, जलन करता है और समय के साथ बढ़ता जाता है।
जल्दी पहचान का सबसे आसान तरीका
विशेषज्ञों का कहना है कि पेट के कैंसर को जल्दी पकड़ने का सबसे अच्छा तरीका है — अपने शरीर की बात सुनना। अगर कोई परेशानी बार-बार हो रही है या लंबे समय तक बनी हुई है, तो जांच कराने में देर न करें। शोध बताते हैं कि शुरुआती लक्षण दिखते ही एंडोस्कोपी जैसी जांच कराने से कैंसर को शुरुआती स्टेज में पकड़ा जा सकता है, जिससे इलाज आसान हो जाता है।