Edited By Sarita Thapa,Updated: 14 Feb, 2026 05:05 PM

इस वर्ष की महाशिवरात्रि केवल शिवालयों में पूजा-पाठ तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसमें माता वैष्णो देवी की ममतामयी उपस्थिति भी दर्ज हुई है।
Mata vashino devi news : इस वर्ष की महाशिवरात्रि केवल शिवालयों में पूजा-पाठ तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसमें माता वैष्णो देवी की ममतामयी उपस्थिति भी दर्ज हुई है। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने एक अभूतपूर्व पहल करते हुए देशभर के 90 प्रमुख धार्मिक स्थलों पर माता का पवित्र प्रसाद भेजा है। माता वैष्णो देवी के दरबार से चला यह प्रसाद देश के सभी 12 ज्योतिर्लिंगों के पास भेजा गया है। केवल ज्योतिर्लिंग ही नहीं, बल्कि चार धाम और 51 शक्तिपीठों सहित देश के कोने-कोने में स्थित 90 पावन तीर्थों तक यह भेंट पहुंचाई गई है।
प्रसाद में क्या है खास ?
श्राइन बोर्ड की ओर से भेजे गए इस विशेष उपहार में माता की पावन चुनरी, रक्षा सूत्र, चांदी के सिक्के और प्रसिद्ध पंच मेवा प्रसाद शामिल है। बोर्ड का मानना है कि इस पहल से सनातन धर्म के विभिन्न केंद्रों के बीच आपसी प्रेम, एकता और सांस्कृतिक समरसता को बल मिलेगा।
काशी विश्वनाथ में विशेष उत्साह
वाराणसी के काशी विश्वनाथ धाम में यह नजारा और भी भव्य था। जब माता वैष्णो देवी का उपहार बाबा विश्वनाथ की नगरी पहुंचा, तो पुजारियों और भक्तों ने इसका स्वागत बड़े ही भावपूर्ण ढंग से किया। काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने इसके लिए श्राइन बोर्ड का आभार व्यक्त किया और इसे 'शिव-शक्ति' के शाश्वत संबंध का प्रतीक बताया।
एक नई परंपरा की शुरुआत
श्राइन बोर्ड ने संकेत दिया है कि यह केवल एक बार की घटना नहीं है। आने वाले समय में देश के अन्य बड़े त्योहारों पर भी इसी तरह का आध्यात्मिक आदान-प्रदान जारी रहेगा, ताकि उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक भारत के सभी तीर्थस्थल एक सूत्र में बंधे रहें।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ