Edited By Parveen Kumar,Updated: 14 Feb, 2026 05:32 PM

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में रविवार, 15 फरवरी को होने जा रहा भारत और पाकिस्तान का बहुप्रतीक्षित मुकाबला एक बार फिर सुर्खियों में है। श्रीलंका के कोलंबो में खेले जाने वाले इस हाई-वोल्टेज मैच से पहले माहौल बेहद संवेदनशील और रोमांच से भरा हुआ है।
नेशनल डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 में रविवार, 15 फरवरी को होने जा रहा भारत और पाकिस्तान का बहुप्रतीक्षित मुकाबला एक बार फिर सुर्खियों में है। श्रीलंका के कोलंबो में खेले जाने वाले इस हाई-वोल्टेज मैच से पहले माहौल बेहद संवेदनशील और रोमांच से भरा हुआ है। क्रिकेट फैंस जहां मैदान पर जबरदस्त टक्कर की उम्मीद लगाए बैठे हैं, वहीं मैच से इतर एक बड़ा सवाल सबके मन में घूम रहा है- क्या इस बार भारतीय और पाकिस्तानी खिलाड़ी एक-दूसरे से हाथ मिलाएंगे?
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सलमान आगा का गोलमोल जवाब
मुकाबले से एक दिन पहले शनिवार को पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। जब उनसे भारतीय खिलाड़ियों से हाथ मिलाने की परंपरा को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने सीधा जवाब देने से बचते हुए कहा, “इस बारे में हम कल देखेंगे।” उनके इस बयान ने सस्पेंस और बढ़ा दिया है।
हालांकि उन्होंने यह जरूर कहा कि उनकी कोशिश रहेगी कि मैच क्रिकेट की भावना के अनुरूप खेला जाए। सलमान आगा ने जोर देते हुए कहा, “मैं उम्मीद करता हूं कि यह खेल उसी भावना के साथ खेला जाए, जिस भावना के साथ इसे शुरुआत से खेला जाता रहा है।” उनके इस बयान को कई मायनों में संतुलित और विवाद से दूर रहने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
एशिया कप की घटना ने बढ़ाई थी तल्खी
पिछले साल सितंबर में दुबई में खेले गए एशिया कप के दौरान भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने घोषणा की थी कि उनकी टीम पाकिस्तान के साथ हाथ नहीं मिलाएगी। यह फैसला अप्रैल में पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले भारतीय नागरिकों के सम्मान में लिया गया था। साथ ही इसे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भारतीय सेना के प्रति एकजुटता के प्रतीक के रूप में भी देखा गया। सूत्रों की मानें तो रविवार के मैच में भी वही प्रोटोकॉल अपनाए जाने की संभावना है। ऐसे में टॉस के समय या मैच खत्म होने के बाद दोनों कप्तानों के हाथ मिलाने की तस्वीर शायद इस बार भी देखने को न मिले।