Edited By Pardeep,Updated: 28 Mar, 2026 10:31 PM

भारत में चल रहे LPG संकट के बीच एक राहत भरी खबर सामने आई है। जहाज ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, भारत के लिए जा रहे दो LPG (कुकिंग गैस) टैंकर BW Elm और BW Tyr ने होर्मुज स्ट्रेट को पार कर लिया है। यह ऐसे समय में हुआ है जब इस अहम समुद्री रास्ते पर जंग के...
नेशनल डेस्कः भारत में चल रहे LPG संकट के बीच एक राहत भरी खबर सामने आई है। जहाज ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, भारत के लिए जा रहे दो LPG (कुकिंग गैस) टैंकर BW Elm और BW Tyr ने होर्मुज स्ट्रेट को पार कर लिया है। यह ऐसे समय में हुआ है जब इस अहम समुद्री रास्ते पर जंग के कारण शिपिंग लगभग ठप हो गई थी।
जंग के बीच सीमित आवाजाही
ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजराइल के हमलों के चलते इस क्षेत्र में खतरा बना हुआ है। हालांकि ईरान ने साफ किया है कि गैर-शत्रु जहाज उसकी अनुमति से इस रास्ते से गुजर सकते हैं।
भारत धीरे-धीरे निकाल रहा अपने जहाज
डेटा के मुताबिक, ये दोनों भारतीय झंडे वाले टैंकर अब खाड़ी क्षेत्र पार कर पूर्वी होर्मुज स्ट्रेट में पहुंच चुके हैं। भारत अब फंसे हुए LPG कार्गो को धीरे-धीरे बाहर निकाल रहा है। इससे पहले शिवालिक, नंदा देवी, पाइन गैस और जग वसंत जैसे चार टैंकर आगे बढ़ चुके हैं।
अभी भी कई जहाज फंसे हुए
सरकारी जानकारी के अनुसार, शुक्रवार तक करीब 20 भारतीय जहाज खाड़ी क्षेत्र में फंसे हुए थे, जिनमें 5 LPG टैंकर शामिल हैं। जग विक्रम, ग्रीन आशा और ग्रीन सान्वी जैसे टैंकर अभी भी पश्चिमी होर्मुज स्ट्रेट में मौजूद हैं।
भारत में गैस संकट गहराया
भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा LPG आयातक है और फिलहाल पिछले कई दशकों के सबसे बड़े गैस संकट का सामना कर रहा है। घरेलू जरूरतों को पूरा करने के लिए सरकार इंडस्ट्री को गैस सप्लाई में कटौती कर रही है।
मिडिल ईस्ट पर ज्यादा निर्भरता
पिछले साल भारत में करीब 33.15 मिलियन टन LPG की खपत हुई, जिसमें लगभग 60% आयात से आया। इस आयात का करीब 90% हिस्सा मिडिल ईस्ट से आता है, जिससे इस क्षेत्र पर निर्भरता काफी ज्यादा है।
स्थिति धीरे-धीरे सामान्य होने की उम्मीद
भारत अब खाड़ी में फंसे खाली जहाजों में LPG लोड भी कर रहा है, ताकि सप्लाई जल्द से जल्द सामान्य हो सके। हालांकि, मौजूदा हालात अभी पूरी तरह सामान्य नहीं हुए हैं, लेकिन धीरे-धीरे सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।