Edited By Pardeep,Updated: 20 Jun, 2026 09:15 PM

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुग ने कहा कि आम आदमी पार्टी द्वारा भगवंत मान–अरविंद केजरीवाल की अगुवाई में किया गया धरना एक “हताश राजनीतिक नाटक” है, जिसे ऐसे समय में आयोजित किया गया है जब श्री अकाल तख्त साहिब के...
अमृतसर: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुग ने कहा कि आम आदमी पार्टी द्वारा भगवंत मान–अरविंद केजरीवाल की अगुवाई में किया गया धरना एक “हताश राजनीतिक नाटक” है, जिसे ऐसे समय में आयोजित किया गया है जब श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार साहिब ने भगवंत मान को “कौम द्रोही” घोषित किया है।
चुग ने कहा कि पूरा मामला श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार जी और भगवंत मान के बीच का है। उन्होंने सवाल उठाया कि “क्या मेरे निवास के बाहर आक्रामक राजनीतिक प्रदर्शन करने से वे आरोप समाप्त हो जाएंगे जो अकाल तख्त के जत्थेदार साहिब ने भगवंत मान पर लगाए हैं?”
उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करने और पंजाब के सामने खड़ी चुनौतियों का सामना करने के बजाय सत्तारूढ़ पार्टी राजनीतिक नाटकबाज़ी में लगी हुई है।
चुग ने कहा, “पंजाब के लोग जवाबदेही मांग रहे हैं, जबकि आम आदमी पार्टी की सरकार अपनी विफलताओं और विवादों से ध्यान भटकाने के लिए धरने और प्रदर्शन कर रही है।” उन्होंने आरोप लगाया कि पूरा पंजाब विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय गैंगस्टरों और माफिया तंत्र के प्रभाव में है।
चुग ने कहा कि पंजाब की जनता उन सभी रैकेटों और राजनीतिक खेलों से मुक्ति चाहती है, जिन्हें केजरीवाल और भगवंत मान राज्य में चला रहे हैं। भगवंत मान सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए चुग ने आरोप लगाया कि पंजाब का हर वर्ग- किसान, व्यापारी, कर्मचारी, युवा, महिलाएं और उद्योगपति सरकार के कामकाज से निराश है।
उन्होंने कहा कि पंजाब आज भी नशे, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था और आर्थिक संकट जैसी गंभीर चुनौतियों से जूझ रहा है, जबकि सरकार अपने चुनावी वादों को पूरा करने में विफल रही है। चुग ने कहा, “पंजाब के सामने मुद्दा मेरे निवास के बाहर प्रदर्शन नहीं है। असली सवाल यह है कि क्या भगवंत मान जनता के सवालों का जवाब देने और सार्वजनिक पद की गरिमा बनाए रखने के लिए तैयार हैं?”