विधान परिषद चुनाव: कर्नाटक में कांग्रेस का सूपड़ा साफ, उत्तर प्रदेश में भाजपा ने जीतीं पांच सीट

Edited By Updated: 28 Oct, 2026 06:56 PM

legislative council elections congress completely wiped out in karnataka

उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के मान सिंह यादव को इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से विजयी घोषित किया गया। भाजपा के मानवेंद्र प्रताप सिंह (गुरुजी) ने आगरा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जीत दर्ज की। पार्टी ने बरेली-मुरादाबाद शिक्षक सीट भी...

लखनऊ/बेंगलुरु : चार राज्यों में विधान परिषद की 28 सीट पर हुए द्विवार्षिक चुनावों के नतीजे बुधवार को घोषित किए गए जिसमें कर्नाटक में कांग्रेस को एक भी सीट पर सफलता नहीं मिली, जबकि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पांच और समाजवादी पार्टी (सपा) ने तीन सीट जीतीं। मतगणना मंगलवार को शुरू हुई थी और कुछ सीट पर बुधवार को भी जारी थी। उत्तर प्रदेश में शिक्षकों के छह और स्नातकों के पांच निर्वाचन क्षेत्रों, बिहार में चार-चार, कर्नाटक में दो-दो तथा महाराष्ट्र में स्नातकों के तीन और शिक्षकों के दो निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था। इन चुनावों में केवल स्नातक और शिक्षक मतदाता ही मतदान करने के पात्र होते हैं। मतदान के लिए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन के बजाय मतपत्रों का इस्तेमाल किया जाता है। महाराष्ट्र में भाजपा के नेतृत्व वाला सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन तीन सीट पर आगे था, जबकि विपक्षी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) दो सीट पर आगे थी। बिहार में जन सुराज पार्टी ने अपना खाता खोला। वहां भाजपा, जनता दल (यूनाइटेड), राष्ट्रीय जनता दल और एक निर्दलीय उम्मीदवार ने एक-एक सीट जीती। 

कांग्रेस को बड़ा झटका लगा
कर्नाटक में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा और पार्टी चारों सीट हार गई। विपक्षी जनता दल (सेक्युलर) ने सत्तारूढ़ कांग्रेस से एक सीट छीन ली, जबकि उसकी सहयोगी भाजपा ने तीन सीट बरकरार रखीं। जनता दल (सेक्युलर) ने बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र कांग्रेस से जीत लिया। भाजपा ने उत्तर-पूर्व शिक्षक, दक्षिण-पूर्व स्नातक और पश्चिम स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में कांग्रेस उम्मीदवारों को हराया। हालांकि, इन नतीजों से कांग्रेस सरकार की स्थिरता पर कोई असर नहीं पड़ेगा, लेकिन इसे भाजपा और जनता दल (सेक्युलर) के बीच विपक्षी एकजुटता के परिणाम के रूप में देखा जा रहा है। इसे इस गठबंधन की नैतिक जीत भी माना जा रहा है। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि बेंगलुरु शिक्षक और उत्तर-पूर्व शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के नतीजे मंगलवार को घोषित कर दिए गए थे, जबकि बाकी दो सीट पर मतगणना रातभर जारी रही। कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष बी. वाई. विजयेंद्र ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की जीत सत्तारूढ़ कांग्रेस को जनता की ओर से खारिज किए जाने का संकेत है और यह 2028 के विधानसभा चुनावों की दिशा भी दिखाती है। 

उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के मान सिंह यादव को इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से विजयी घोषित किया गया। भाजपा के मानवेंद्र प्रताप सिंह (गुरुजी) ने आगरा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जीत दर्ज की। पार्टी ने बरेली-मुरादाबाद शिक्षक सीट भी बरकरार रखी। भाजपा उम्मीदवार हरि सिंह ढिल्लों ने सपा के दानिश अख्तर को 17,676 वोट से हराया। भाजपा ने लखनऊ शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र भी जीत लिया, जहां उसके उम्मीदवार उमेश द्विवेदी ने सपा के सुशील कुमार को 6,992 वोटों से हराया। मेरठ में भाजपा ने शिक्षक और स्नातक, दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में जीत दर्ज की। गोरखपुर-फैजाबाद मंडल शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मतगणना के अंतिम दौर के बाद भाजपा के ध्रुव कुमार त्रिपाठी अपने प्रतिद्वंद्वी निर्दलीय उम्मीदवार राजीव यादव से 466 वोटों से आगे थे। वाराणसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के लाल बिहारी यादव ने जीत दर्ज की। आगरा-अलीगढ़ शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सपा उम्मीदवार आकाश अग्रवाल ने भाजपा के हरि किशोर तिवारी को हराया। इससे पहले, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जीत का दावा करते हुए सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक वीडियो साझा किया था, जिसमें अग्रवाल फटा हुआ कुर्ता पहने दिखाई दे रहे थे। उनके समर्थकों ने आरोप लगाया कि उन पर हमला किया गया था। 

अखिलेश यादव ने कहा, "आगरा से जीत रहे सपा के विधान परिषद उम्मीदवार डॉ. आकाश अग्रवाल के साथ भाजपा के लोगों ने जो व्यवहार किया, उसे कैसे सही ठहराया जा सकता है, यह भाजपा बताए।" पूर्व मुख्यमंत्री ने निर्वाचन आयोग, उच्चतम न्यायालय और राष्ट्रपति से इस मामले का तुरंत संज्ञान लेने की अपील की। वाराणसी और लखनऊ स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में सपा के उम्मीदवार आगे थे। साल 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों से पहले विधान परिषद के इन चुनावों को सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी सपा के बीच प्रतिष्ठा की लड़ाई के रूप में देखा जा रहा है। महाराष्ट्र के नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार सुधाकर कोहले 4,265 वोटों से आगे हैं। वहीं, अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 21 दौर की मतगणना के बाद शिवसेना के किरण सरनाइक अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से 4,555 वोटों से आगे थे। अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सरनाइक को अब तक 10,672 वोट मिले थे। कांग्रेस उम्मीदवार अदिति पोहरे 6,117 वोट के साथ दूसरे स्थान पर थीं। पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 28वें दौर की मतगणना के बाद भाजपा उम्मीदवार कौस्तुभ गवाडे अपने प्रतिद्वंद्वियों से आगे थे। 

भूषण कुमार झा को बड़े अंतर से हराया
पुणे स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की उम्मीदवार हर्षदा देशमुख-जाधव की जीत की संभावना दिखाई दे रही है। छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के उम्मीदवार प्रतापसिंह पाटिल, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के मौजूदा विधान परिषद सदस्य सतीश चव्हाण से आगे थे। बिहार के दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में जन सुराज पार्टी के सुरेश प्रसाद राय ने कांग्रेस के मौजूदा विधान परिषद सदस्य मदन मोहन झा को 324 वोट से हराया। भाजपा उम्मीदवार नरेन्द्र प्रसाद सिंह ने मंगलवार को तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जीत दर्ज की थी। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी निर्दलीय उम्मीदवार भूषण कुमार झा को बड़े अंतर से हराया। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में जनता दल (यूनाइटेड) के नीरज कुमार ने राष्ट्रीय जनता दल के उम्मीदवार को हरा दिया, हालांकि इस सीट के आधिकारिक नतीजे अभी घोषित नहीं किए गए थे। सूत्रों के अनुसार, पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के मौजूदा विधान परिषद सदस्य नवल किशोर यादव राष्ट्रीय जनता दल के संजीव कुमार से हार गए। सूत्रों ने बताया कि सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मौजूदा विधान परिषद सदस्य अफाक अहमद को निर्दलीय उम्मीदवार राहुल राज ने हरा दिया। 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!